संजय सरावगी ने बिहार भाजपा अध्यक्ष का संभाला कार्यभार, कार्यकर्ताओं का जताया आभार
पटना, 18 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभाल लिया। उन्होंने इस मौके पर आयोजित दायित्व ग्रहण समारोह सह अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा में संगठन सर्वोपरि है, संगठन ही शक्ति है और विचारधारा ही हमारे प्राण हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं।
उन्होंने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि मेरी शिक्षा की शुरुआत ही संघ की पाठशाला से हुई है और मेरी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से ही 'मैं' से 'हम' की यात्रा प्रारंभ हुई। उन्होंने विश्वास देते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करते हुए वे काम करेंगे। कार्यकर्ताओं के सहयोग और मार्गदर्शक मंडल के मार्गदर्शन से आगे बढ़ूंगा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने वरिष्ठ नेताओं और पूर्व अध्यक्षों की चर्चा करते हुए कहा कि वरिष्ठ नेताओं जैसे शिल्पकारों ने उन्हें रचा है और इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्होंने इस दायित्व के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने जो विश्वास कर दायित्व सौंपा है, उस पर वे खरा उतरेंगे।
संजय सरावगी अपने विधानसभा क्षेत्र दरभंगा से पटना पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद कार्यालय पहुंचने पर उनका वेलकम हुआ। महिला मोर्चा की सदस्यों ने शंख ध्वनि से उनका स्वागत किया।
इस मौके पर आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए संजय सरावगी ने कहा, "आज मैं पदभार ग्रहण कर रहा हूं। यह पद नहीं, मुझे जिम्मेदारी मिली है और मैं भरोसा देता हूं, मैं रात-दिन मेहनत कर इस जिम्मेदारी को निभाने की कोशिश करूंगा।"
उन्होंने आशा जताते हुए कहा कि बिहार के वरिष्ठ नेताओं की टीम का सहयोग मिलता रहेगा और राष्ट्रीय नेतृत्व का भी मार्गदर्शन मिलता रहेगा। उन्होंने साफ लहजे में कार्यकर्ताओं को भरोसा देते हुए कहा कि कोई भी कार्यकर्ता उपेक्षित नहीं रहेगा, सभी कार्यकर्ताओं को सम्मान देने का काम किया जाएगा।
संजय सरावगी ने आगे कहा कि संगठन और सरकार में समन्वय बनाने का काम किया जाएगा और बिहार को विकसित बिहार बनाने का लक्ष्य बनाकर हम आगे बढ़ेंगे। इस समारोह में निवर्तमान अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी
