संजय राउत को महाराष्ट्र में कोई गंभीरता से नहीं लेता: केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल
मुंबई, 15 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने और संजय राउत के बयान पर केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल ने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि संजय राउत को महाराष्ट्र में कोई गंभीरता से नहीं लेता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, "पूरे देशवासियों का मैं आभार व्यक्त करना चाहूंगा कि पिछले 12 साल में तीन लोकसभा के चुनाव देश में हुए। लगातार तीसरी बार इस देश की जनता ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त किया और एनडीए की सरकार देश में आई। जब आप लोगों की आकांक्षाएं और अपेक्षाएं पूरी करते हो, तो लोग, जनता आप पर फिर से एक बार विश्वास करती है। यह साबित हुआ है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 साल में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के उद्देश्य से बेहतर काम हुए हैं।"
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनता को विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके लिए अच्छा काम किया है। इन 12 सालों में जो काम हुआ है, वह जनता के सामने है। निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में पीएम नरेंद्र मोदी का रिकॉर्ड 140 करोड़ जनता के विश्वास का प्रतीक है।
विपक्ष द्वारा महंगाई और बेरोजगारी को लेकर सवाल उठाए जाने पर केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल कहा, "यह विपक्ष का काम है और वह करते रहेंगे, लेकिन जनता क्या कहती है, उसका महत्व है। जनता हमारे साथ है, इसलिए तीन बार पीएम मोदी के नेतृत्व पर विश्वास किया है।"
संजय राउत द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर मुरलीधर मोहोल ने कहा, " मुझे लगता है कि संजय राउत ऐसे हैं कि हर रोज कुछ ना कुछ कहना ही पड़ता है, नहीं तो उनका कुछ चलेगा नहीं। महाराष्ट्र में उनको कोई सीरियसली नहीं लेता, देश में कौन लेगा?
वहीं, केंद्रीय मंत्री ने एक्स पर लिखा", मजबूत होता मध्यम वर्ग, सशक्त होता भारत! पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास, तेज कनेक्टिविटी, टैक्स में छूट, डिजिटल सेवाओं के विस्तार और नागरिकों पर केंद्रित योजनाओं ने करोड़ों मध्यम-वर्गीय परिवारों के जीवन को आसान, सुरक्षित और अवसरों से भरपूर बनाया है। आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, रोजगार, यात्रा और निवेश जैसे विभिन्न क्षेत्रों में आए सकारात्मक बदलावों ने मध्यम वर्ग की आकांक्षाओं में नई ऊर्जा का संचार किया है। आज, भारत का मध्यम वर्ग देश की विकास यात्रा में अधिक आत्मविश्वास के साथ भागीदारी कर रहा है।"
--आईएएनएस
ओपी/एएस
