धर्मेंद्र प्रधान का विरोध असल में पिछड़ों का विरोध, राहुल-अखिलेश नहीं चाहते पिछड़ा वर्ग आगे बढ़े: संजय निषाद
लखनऊ, 26 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद पर प्रह्लाद जोशी के कार्यभार संभालने पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नई टीम पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करेगी।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री से जनता से माफी मांगने की मांग पर संजय निषाद ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का उद्देश्य केवल पिछड़े वर्ग के नेताओं का विरोध करना है। उनके अनुसार, धर्मेंद्र प्रधान पिछड़े वर्ग से आते थे और इसी वजह से विपक्ष उनके इस्तीफे की मांग पर अड़ा रहा। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी संसद में पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा से बच रहे हैं, क्योंकि उन्हें डर है कि इस मामले में उनकी पार्टी का नाम सामने आ सकता है।
अयोध्या चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर नई एसआईटी के गठन को लेकर मंत्री ने कहा कि न्यायालय के आदेशों का पालन करना सरकार का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अदालत के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई करते हुए नई एसआईटी का गठन किया है और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान, जिसमें उन्होंने नकल माफिया को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की देन बताया था, का समर्थन करते हुए संजय निषाद ने कहा कि इस पूरे मुद्दे पर विधानसभा में विस्तृत चर्चा होनी चाहिए। उनका कहना था कि सदन में बहस होने से यह स्पष्ट हो जाएगा कि नकल माफिया, पेपर माफिया, सेंटर माफिया और शिक्षा माफिया को किस सरकार के दौरान संरक्षण मिला और किसने उन्हें बढ़ावा दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष चर्चा से बचने के लिए सड़क पर राजनीति कर रहा है, जबकि वर्तमान सरकार ऐसे माफियाओं के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय निषाद ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल पिछड़े वर्ग के शिक्षा मंत्री को हटाना था। उन्होंने दावा किया कि धर्मेंद्र प्रधान पर कोई व्यक्तिगत आरोप नहीं था और उन्हें लंबे समय का प्रशासनिक अनुभव प्राप्त है।
निषाद ने आरोप लगाया कि विपक्ष पिछड़ों के नाम पर राजनीति करता है, लेकिन उन्हें नेतृत्व की भूमिका में नहीं देखना चाहता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वंचित और पिछड़े वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए अवसर प्रदान कर रहे हैं, जबकि विपक्ष इस प्रक्रिया का विरोध कर रहा है।
--आईएएनएस
एसएके//एएस
