संजय झा ने जदयू को बर्बाद कर दिया, भाजपा जो चाहेगी, वही करवाएगी: तेजस्वी यादव
पटना, 15 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को जदयू के सांसद संजय झा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जदयू में वही होगा, जो भाजपा चाहेगी। जदयू को बर्बाद करने का काम संजय झा ने किया है।
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान यूसीसी पर जदयू की स्थिति को लेकर तेजस्वी यादव ने तंज कसा।
उन्होंने कहा कि संजय झा ने जदयू को बर्बाद कर दिया है। जो भाजपा चाहेगी, वही जदयू में होगा। हम लोगों ने यूसीसी को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया था और आगे भी विरोध करते रहेंगे।
बिहार सरकार पर तंज कसते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि भ्रष्टाचार, अपराध, बेरोजगारी और गरीबी के मामले में बिहार सबसे अव्वल है। डबल इंजन की सरकार बिहार के लिए ट्रबल इंजन साबित हुई है। बाढ़ प्रभावित लोगों को केंद्र से कोई मदद नहीं मिल रही है। बिहार की वित्तीय स्थिति बेहद खराब है।
उन्होंने आगे कहा कि हम तो पहले दिन से कह रहे हैं कि यह सरकार समस्या का समाधान करने के लिए नहीं आई है, बल्कि और समस्याएं देने के लिए आई है। इन्हें बिहार की जनता से कोई मतलब नहीं है। इन्हें बस अपनी तिजोरी भरनी है और बिहार सरकार का खजाना खाली करना है। इन लोगों ने बिहार को बर्बाद कर दिया है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में लोग महंगाई से परेशान हैं। बेरोजगारी, शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में भी स्थिति खराब है। सरकारी अस्पतालों का हाल बुरा है। बिहार में कुछ बचा नहीं है और जो भी बचा है, उसे भी लूटा जा रहा है। बिहार में सांसद इनके ज्यादा हैं, राज्य और केंद्र में इनकी सरकार है, फिर बिहार के लिए कुछ क्यों नहीं हो रहा है। बिहार को कोई सहयोग नहीं मिल रहा है और लोगों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। सरकार के पास न कोई विजन है, न उद्देश्य और न ही कोई रोडमैप है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बिहार दौरे को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि कुछ लेकर आ रहे हैं, कुछ सहयोग ला रहे हैं या फोटो सेशन कराने के लिए आ रहे हैं? पैकेज की घोषणा क्यों नहीं की जा रही है? बिहार को राष्ट्रीय आपदा क्यों घोषित नहीं किया जा रहा है? सब कुछ गुजरात में होगा और बाढ़ से ठनका से लोग मर रहे हैं। ऐसे में केंद्र से बिहार को क्या मिल रहा है।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी
