संगीत सोम के बयान पर संत बोले, जौहर यूनिवर्सिटी की गतिविधियों की हो व्यापक जांच
अयोध्या, 28 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी नेता संगीत सोम के उस बयान पर सियासत तेज हो गई है, जिसमें उन्होंने जौहर यूनिवर्सिटी को "आतंक का अड्डा" बताया था। अयोध्या के संत समाज ने भाजपा नेता के बयान का समर्थन किया है। संत समाज ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी को बचाने के लिए सभी आतंकी एकजुट होकर पूरी ताकत लगा रहे हैं।
महंत तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता संगीत सोम ने समाज के सामने सच्चाई रख दिया है। उन्होंने कहा है कि जौहर यूनिवर्सिटी आतंकियों का अड्डा है। जौहर यूनिवर्सिटी को बुलडोजर कार्रवाई से से बचाने के लिए सारे आतंकी फंडिंग कर रहे हैं। आतंकियों के केस वापस लेने वाले विपक्षी दल जौहर यूनिवर्सिटी को बचाने में पूरी ताकत का इस्तेमाल कर रहे हैं।
साकेत भवन के महंत सीताराम दास ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता सोम ने यथार्थ कहा है। जौहर यूनिवर्सिटी आतंकी तत्वों का स्थान बन गई है। लव-जिहाद,धर्मांतरण और राष्ट्रविरोधी गतिविधि ताकतों को बढ़ावा देने का काम किया जाता रहा है। अंतरराष्ट्रीय फंडिंग के जरिए देश में अराजकता फैलाया जाता है और सतानतन संस्कृति का विरोध किया जाता है। इससे हिंदू समाज आहत है। मैं उनके विचारों से सहमत हूं और समर्थन करता हूं।
एक अन्य महंत आर्य संत वरुण दास महाराज ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधि जहां भी पाई जा रही है, उसकी व्यापक स्तर पर जांच होनी चाहिए। अब उत्तर प्रदेश में वह दौर खत्म हो गया है जिसमें किसी के दबाव में लोग डर जाए और जनभावनाओं को कुचल दिया जाए। उत्तर प्रदेश सक्षम और उत्तर देने वाला प्रदेश बन गया है। इसलिए ऐसी हरकतें करने वालों को सजा देनी चाहिए।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी
