Aapka Rajasthan

'सैंडपेपरगेट विवाद पर ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले की तरह अब भी विभाजीत': अश्विन

नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की लिखी किताब 'सब्र' की रिलीज के बाद से 2018 में केपटाउन टेस्ट के दौरान हुआ सैंडपेपरगेट कांड फिर से चर्चा में है। इस विषय पर ऑस्ट्रेलियाई पूर्व और मौजूदा खिलाड़ियों के बीच एकमत नहीं है। पूर्व भारतीय स्पिनर आर अश्विन ने इस मुद्दे पर अपनी राय रखी है।
 

नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की लिखी किताब 'सब्र' की रिलीज के बाद से 2018 में केपटाउन टेस्ट के दौरान हुआ सैंडपेपरगेट कांड फिर से चर्चा में है। इस विषय पर ऑस्ट्रेलियाई पूर्व और मौजूदा खिलाड़ियों के बीच एकमत नहीं है। पूर्व भारतीय स्पिनर आर अश्विन ने इस मुद्दे पर अपनी राय रखी है।

अश्विन ने 2018 में दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर गई ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के सदस्यों के अलग-अलग बयानों पर भी अपनी राय दी।

पूर्व भारतीय स्पिनर ने स्टार स्पोर्ट्स के 'सैंडपेपरगेट: द अनसेटल्ड डिबेट' पर कहा, "इस किताब में उस्मान ख्वाजा ने अपनी कहानी स्पष्ट तरीके से बताई है। वह सामूहिक जवाबदेही मांग रहे हैं। वह कह रहे हैं कि केवल तीन लोग ही इसके बारे में जानते थे, और भी लोग थे।"

उन्होंने कहा, "ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस की मैं एक क्रिकेटर के तौर पर सच में तारीफ करता हूं। उन्होंने उस्मान ख्वाजा के दावों को बेबुनियाद, बकवास और बिना सबूत वाला कहा है। वहीं, डेविड वॉर्नर का बयान ख्वाजा का समर्थन करता है। यह चिंता की बात है, चाहे हम इसे कैसे भी देखें।"

पूर्व स्पिनर ने कहा कि मुझे क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ द्वारा केस को दोबारा नहीं खोलने वाला बयान पसंद आया। मुझे लगता है कि यह सही तरीका है। लेकिन अलग-अलग बयानों ने ऑस्ट्रेलियाई ड्रेसिंग रूम में दरारें दिखा दी हैं। इसमें एक बात बिल्कुल साफ है कि इस पर विचारों और राय को लेकर पहले भी ऑस्ट्रेलियाई ड्रेसिंग रूम में दरारें थीं। मुझे नहीं लगता कि अब भी यह दरार खत्म हुई है। यह मेरे लिए ज्यादा चिंता की बात होगी।

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर ख्वाजा ने अपनी ऑटोबायोग्राफी 'सब्र' में दावा किया है कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को पता था कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2018 के टेस्ट मैच के दौरान क्रिकेट बॉल पर सैंडपेपर का इस्तेमाल किया जा रहा था और ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पोर्ट एलिजाबेथ में पिछले टेस्ट में भी ऐसा ही किया था।

इस मामले में उस समय के कप्तान स्टीव स्मिथ, ऑन-स्क्रीन सैंडपेपर इस्तेमाल करने वाले कैमरन बैनक्रॉफ्ट और डेविड वॉर्नर को दोषी ठहराया गया था और उन्हें सजा दी गई थी।

मौजूदा कप्तान पैट कमिंस और तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क भी उस मैच का हिस्सा थे। ऐसे में कमिंस द्वारा मामले की जानकारी न होना और ख्वाजा के दावों को पूरी तरह से बकवास करार देना विवाद पर मतभिन्नता को दर्शाता है।

--आईएएनएस

पीएके