Aapka Rajasthan

संदीप पाठक पर एफआईआर से सियासी घमासान, भाजपा ने 'आप' पर लगाया ‘डराने की राजनीति’ का आरोप

नई दिल्ली, 2 मई (आईएएनएस)। पंजाब में राज्यसभा सांसद संदीप पाठक के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए इसे आंतरिक अस्थिरता और “डराने की राजनीति” का हिस्सा बताया है।
 
संदीप पाठक पर एफआईआर से सियासी घमासान, भाजपा ने 'आप' पर लगाया ‘डराने की राजनीति’ का आरोप

नई दिल्ली, 2 मई (आईएएनएस)। पंजाब में राज्यसभा सांसद संदीप पाठक के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए इसे आंतरिक अस्थिरता और “डराने की राजनीति” का हिस्सा बताया है।

भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी कुमार शर्मा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि आम आदमी पार्टी में अंदरूनी उठापटक शुरू हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़े विवादों के बाद पार्टी के भीतर असहजता का माहौल है और कोई भी खुलकर बोलने को तैयार नहीं है। शर्मा ने कहा कि संदीप पाठक पर एफआईआर दर्ज कराना पार्टी के अन्य नेताओं को डराने की कोशिश हो सकती है, ताकि संगठन को एकजुट रखा जा सके। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह 'रेत का पहाड़' है, जो कभी भी धंस सकता है।

वहीं, भाजपा के पंजाब अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भी आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि न तो संदीप पाठक, न ही भाजपा का कोई कार्यकर्ता इस तरह की कार्रवाई से डरने वाला है। उन्होंने अरविंद केजरीवाल को संबोधित करते हुए कहा कि जिनके 'घर शीशे के होते हैं, वे दूसरों पर पत्थर नहीं फेंकते'।

सुनील जाखड़ ने आरोप लगाया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी का असली चेहरा सामने आ रहा है और कभी छापेमारी तो कभी एफआईआर के जरिए राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाया जा रहा है। उनके मुताबिक, राज्य में पार्टी की 'उल्टी गिनती' शुरू हो चुकी है।

वहीं, दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल 'डरे और परेशान' हैं। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के कई सांसद पहले ही साथ छोड़ चुके हैं और आंतरिक असंतोष बढ़ रहा है। भ्रष्टाचार, तानाशाही रवैये और झूठ के कारण पार्टी के करीबी सहयोगियों में भी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान करने के बजाय एफआईआर और पुलिस कार्रवाई के जरिए दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।

कपिल मिश्रा ने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है, जहां हत्या, अपहरण और बम धमाकों जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस का इस्तेमाल अपराध रोकने के बजाय राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने में किया जा रहा है, जिसे राज्य की जनता देख रही है। उन्होंने संकेत दिया कि दिल्ली की तरह ही पंजाब में भी आम आदमी पार्टी को राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

इस बीच भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी 'दबाव की राजनीति' कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़े विवादों से ध्यान भटकाने के लिए संदीप पाठक के मामले को उछाला जा रहा है। यह पूरी कार्रवाई जनता का ध्यान असली मुद्दों से हटाने की रणनीति का हिस्सा है।

--आईएएनएस

एएसएच/पीएम