संविधान दिवस पर तेलंगाना में सियासी घमासान, कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली पर भाजपा का पलटवार
हैदराबाद, 26 नवंबर (आईएएनएस)। संविधान दिवस के मौके पर तेलंगाना में कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं। कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर संविधान और मताधिकार खत्म करने का आरोप लगाया, तो भाजपा प्रवक्ता प्रकाश रेड्डी ने पलटवार करते हुए कांग्रेस के 55 साल के शासन, आपातकाल और अनुच्छेद 356 के दुरुपयोग का मुद्दा उठाकर उसके संविधान प्रेम पर ही सवाल खड़े कर दिए।
भाजपा प्रवक्ता प्रकाश रेड्डी ने कहा, “कांग्रेस पार्टी का पाखंड देखिए। संविधान दिवस पर उन्होंने इस देश में संविधान की रक्षा का आह्वान किया। 26 नवंबर 1949 को, जब डॉ. अंबेडकर ने संविधान सौंपा और संविधान सभा ने उसे स्वीकार किया, तब इसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद को सौंपा गया था। यही वह दिन है। कांग्रेस पार्टी ने 55 वर्षों तक शासन किया। उसने कई बार संविधान की भावना का उल्लंघन किया, जिसमें आपातकाल भी शामिल है। उसने आपातकाल लगाया और संविधान में डॉ. अंबेडकर द्वारा दिए गए मौलिक अधिकारों को समाप्त कर दिया।
उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से कांग्रेस पार्टी ने अनुच्छेद 356 का 100 से अधिक बार इस्तेमाल करके राज्य सरकारों को बर्खास्त किया जबकि अनुच्छेद 356 का उपयोग केवल संवैधानिक दायित्वों के तहत किया जाना चाहिए। कांग्रेस पार्टी ने कई बार, यहां तक कि आपातकाल के दौरान भी संविधान में संशोधन किए। उसने सभी विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया। यही कांग्रेस का विश्वास है, यही संविधान के प्रति कांग्रेस पार्टी की आस्था है। और आज वे संविधान की रक्षा करना चाहते हैं।
कांग्रेस सांसद अनिल कुमार यादव ने कहा, “हम लोगों को बताना चाहते हैं कि भाजपा संविधान को पूरी तरह से खत्म करने की कोशिश कर रही है। आज भाजपा संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रही है और वोट देने के संवैधानिक अधिकार, मताधिकार को भी खत्म करने की कोशिश कर रही है। उसे रोकने के लिए हम आज संविधान बचाओ रैली कर रहे हैं। थोड़ी ही देर में हमारे प्रभारी संदीप जी यहां पहुंचेंगे, हमारे मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पहुंचेंगे, हमारे पीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ पहुंचेंगे, सभी मंत्री पहुंचेंगे, सभी इस रैली में हिस्सा लेंगे।”
कांग्रेस नेता वी. हनुमंत राव ने कहा कि हिंदुस्तान की आजादी के बाद जो संविधान लिखा गया, वह अपने देश का दस्तूर बोलता है। संविधान को बदलना संविधान के साथ भी अन्याय होगा। सबसे बड़ी बात यह है कि हमारे हिंदुस्तान के गृह मंत्री अमित शाह ने सबसे ज्यादा संविधान का अपमान किया। जिन्होंने संविधान लिखा, उनके साथ ही बेईमानी हो रही है।
उन्होंने कहा कि अब तो आने वाले दिनों में ये नया संविधान लिखने वाले हैं। जो स्वतंत्र संस्थाएं हैं जैसे सीईसी, ईडी, सीबीआई, उनके सदस्यों की नियुक्ति में किन लोगों के नाम हैं? एक प्रधानमंत्री, दूसरा विपक्ष का नेता और तीसरा चीफ जस्टिस। अमित शाह ने वहीं बेईमानी की और चीफ जस्टिस को हटाकर उनका महत्व कम कर दिया।
--आईएएनएस
केके/पीएम
