संविधान दिवस पर एनडीए नेताओं ने दी शुभकामनाएं, विपक्ष पर लगाया बाबासाहेब के अपमान का आरोप
नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। संविधान दिवस के अवसर पर एनडीए नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने संविधान के महत्व, लोकतंत्र में उसकी भूमिका और नागरिकों के अधिकारों व कर्तव्यों पर अपने विचार रखे। नेताओं ने संविधान को देश की सबसे बड़ी ताकत बताया, साथ ही विपक्ष पर संविधान के नाम पर राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष शंकर चौधरी ने कहा कि हमारा लोकतंत्र संविधान के माध्यम से ही चलता है और भारत का संविधान दुनिया के सबसे विस्तृत और सबसे लंबे लिखित संविधानों में से एक है।
शंकर चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस ऐतिहासिक क्षण को याद किया, जब तत्कालीन मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने हाथी पर संविधान की प्रति रखकर नंगे पैर जुलूस निकाला था। उन्होंने कहा कि इसके पीछे उद्देश्य नागरिकों के मन में संविधान के प्रति सम्मान और विश्वास को बढ़ाना था। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझना हर नागरिक का कर्तव्य और जिम्मेदारी है। संविधान जितना मजबूत होगा, देश भी उतना ही मजबूत होगा।
वहीं, संविधान दिवस पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि इस बार राज्य में हुए चुनाव में 93 प्रतिशत मतदान हुआ, यह संविधान की ही देन है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में मतदान पहले कभी नहीं हुआ।
मुख्यमंत्री ने संविधान दिवस पर विपक्ष द्वारा देशभर में निकाले जा रहे संविधान बचाओ मार्च को लेकर कहा कि संविधान हमारा मंदिर है। यहां राजनीति की बात नहीं होनी चाहिए। देश का संविधान बहुत मजबूत है। जो लोग आपातकाल लेकर आए थे, वे संविधान के बारे में जितना कम बोलें, उतना ही अच्छा है। संविधान को सबसे बड़ा आघात आपातकाल के दौरान ही लगा था। हमारे लिए देश का संविधान ही सर्वोपरि है और बाबासाहेब द्वारा दिखाए गए रास्ते पर ही चलना चाहिए।
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर ने भी इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने हमेशा संविधान का विरोध किया, उसके साथ छेड़छाड़ की और बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर के खिलाफ साजिशें रचीं, वे अब संविधान को तब याद कर रहे हैं, जब देश की जनता ने उन्हें किनारे कर दिया है।
अनिल राजभर ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता संविधान का सम्मान करने का दिखावा करते हैं। देश की आजादी को इतने साल बीत गए, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने जम्मू-कश्मीर में बाबासाहेब के संविधान को लागू नहीं होने दिया और आज वे संविधान की बात करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस ने बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न नहीं दिया और उनका बहुत अपमान किया। आज वे बाबासाहेब और संविधान की बात करते हैं। देश की जनता कांग्रेस के इस पाखंड को अच्छी तरह जानती है और उनके दिखावे से कोई फर्क नहीं पड़ता।
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस
