Aapka Rajasthan

भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी का कांग्रेस और सपा पर निशाना, बोले- भारतीय संस्कृति का हो रहा अपमान

नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने बुधवार को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित किया और कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर भारतीय संस्कृति एवं हिंदू धर्म का अपमान करने और कट्टरपंथी अल्पसंख्यकवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया।
 

नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने बुधवार को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित किया और कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर भारतीय संस्कृति एवं हिंदू धर्म का अपमान करने और कट्टरपंथी अल्पसंख्यकवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, इमरान मसूद और सोनिया गांधी के बयानों पर सवाल उठाते हुए इन्हें कांग्रेस की एंटी इंडिया और एंटी-हिंदू सोच का प्रमाण बताया। साथ ही, उन्होंने समाजवादी पार्टी पर कारसेवकों पर गोली चलवाने और अब अयोध्या में दर्शन के नाम पर राजनीतिक दिखावा करने का आरोप लगाया। डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि विपक्ष चुनावी लाभ के लिए हिंदू धर्म और भारतीय संस्कृति के साथ छल कर रहा है, जबकि भाजपा की नीतियों के केंद्र में विकास और सामाजिक एकता है।

डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि आज भ्रातृ द्वितीया का पर्व है। एक ओर देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर आगे बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर राजनीति नई निम्नताओं की ओर जाती दिखाई दे रही है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत की अर्थव्यवस्था को 'सो कॉल्ड डेड इकॉनमी' कहा था, लेकिन इसी अर्थव्यवस्था ने धनतेरस के दिन उतना सोना-चांदी खरीदकर दिखाया, जितना पूरा यूरोप तीन महीने में खरीदता है। इसके बावजूद विपक्षी नेताओं के मन में भारत की परंपराओं, धर्म और संस्कृति के प्रति कितनी अवमानना और घृणा भरी हुई है, यह उनके बयानों से स्पष्ट होता है। यह अवमानना केवल यहीं तक सीमित नहीं रही। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दीपावली को 'खुशियों की ईद' कह दिया।

उन्होंने कहा कि यह बड़े आश्चर्य की बात है कि वे जिस कर्नाटक राज्य से आते हैं, वहां कन्नड़ भाषा में त्योहार के लिए 'उत्सव' या 'हब्बा' शब्द का प्रयोग होता है। ऐसे में यह ईद' शब्द कहां से आ गया? यह दर्शाता है कि विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस, भारतीय धर्म और संस्कृति का किस हद तक अपमान कर सकता है। यह भी आश्चर्य की बात है कि विश्व के सबसे बड़े मुस्लिम देश इंडोनेशिया के प्रधानमंत्री को दीपावली की शुभकामनाएं देने में कोई समस्या नहीं है। मलेशिया के राष्ट्रपति अनवर इब्राहिम भी दीपावली कहकर ही शुभकामनाएं दे रहे हैं। दुबई के बुर्ज खलीफा पर भी 'दिवाली' लिखा हुआ है, लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष के मुंह से 'खुशियों की ईद निकलता है। इसके बाद कांग्रेस के एक बेहद विख्यात और कुख्यात सांसद ने इसे 'मानव जनित रोग' कहा। इमरान मसूद ने समाजवादी पार्टी में रहते हुए प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ बयान दिया था। अब कांग्रेस ने पलक पावड़े बिछाकर उन्हें उत्तर प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया है। यह दूसरी घटना है, लेकिन ऐसा पहली बार नहीं हुआ है।

भाजपा सांसद ने कहा कि इससे पहले इंडी गठबंधन के नेता तमिलनाडु में आयोजित 'इरेडिकेशन ऑफ सनातन धर्म कॉन्फ्रेंस' में हिंदू धर्म को बैक्टीरिया और एचआईवी वायरस तक कह चुके हैं। अब इमरान मसूद प्रदूषण को मानव जनित रोग बता रहे हैं। इसी समय कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का एक तथाकथित इंटरव्यू सामने आता है, जिसमें उन्होंने दावा किया कि 6 दिसंबर को विवादित ढांचा गिरने पर उनकी आंखों में आंसू आ गए थे। जबकि 6 दिसंबर 1992 को कोई लाइव टेलीकास्ट नहीं हो रहा था। उस समय अयोध्या जैसी जगह पर सैटेलाइट अपलिंकिंग की कोई सुविधा भी नहीं थी। ऐसे में सवाल उठता है कि वहां कौन संजय की तरह दिव्य दृष्टि से उन्हें वह दृश्य दिखा रहा था और उनकी आंखों में आंसू देख रहा था? ये तीनों बयान अलग-अलग घटनाएं नहीं हैं, बल्कि कांग्रेस पार्टी की एक सुव्यवस्थित एंटी-इंडिया और एंटी-हिंदू सोच का जीता-जागता प्रमाण हैं।

उन्होंने कहा कि इसके साथ ही सवाल यह भी उठता है कि ये सारे बयान इसी समय क्यों आ रहे हैं? इससे पहले किसी दीपावली पर मल्लिकार्जुन खड़गे के मुंह से 'खुशियों की ईद' जैसे शब्द नहीं निकले। इससे पहले किसी दीपावली पर इमरान मसूद ने दीपावली को मानव जनित रोग नहीं बताया और न ही सोनिया गांधी ने कभी ऐसा बयान दिया। क्या उत्तर प्रदेश के चुनावों में कट्टरपंथी वोट हासिल करने की चाहत और छटपटाहट में कांग्रेस हिंदू धर्म का अपमान करने की इस सीमा तक जाने को तैयार है? दूसरी ओर, मध्य प्रदेश चुनाव के दौरान कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने समाजवादी पार्टी को 'चिरकुट पार्टी' कहा था और अखिलेश यादव ने 2023 के मध्य प्रदेश चुनाव में कांग्रेस को 'चालू पार्टी' कहा था। अब सवाल यह है कि उत्तर प्रदेश में चालू और चिरकुट कौन है?

डॉ त्रिवेदी ने कहा कि अब दूसरी पार्टी यानी समाजवादी पार्टी इससे भी जबरदस्त राजनीतिक खेल खेल रही है। समाजवादी पार्टी के नेता सनातन पांडे कहते हैं कि हमने संविधान की रक्षा के लिए कारसेवकों पर गोली चलवाई थी। जबकि वास्तविकता यह है कि मुलायम सिंह यादव स्वयं मार्च 2017 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान लखनऊ की कैंटोनमेंट विधानसभा में प्रचार करते हुए कह चुके थे कि मैंने 16 हिंदुओं को मरवाया था। इससे ज्यादा मैं मुसलमानों के लिए क्या कर सकता था। यह उनका वास्तविक बयान है। मुलायम सिंह यादव ने यह नहीं कहा था कि वे फायरिंग में मारे गए थे। उन्होंने यहां तक कहा था कि 40 लोग भी मर जाते तो उन्हें कोई गम नहीं होता। एक तरफ सनातन पांडे गोली चलवाने की बात कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ पवन पांडे कह रहे हैं कि 12 दिसंबर को अखिलेश यादव सपरिवार अयोध्या में दर्शन करने जाएंगे। एक पांडे कह रहे हैं कि गोली चलवाई थी और दूसरे पांडे कह रहे हैं कि दर्शन करने जाएंगे। अब इन बयानों के पीछे समाजवादी पार्टी की असली मंशा क्या है, इसे उत्तर प्रदेश की जनता भली-भांति समझ रही है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी यह कह रही है कि 12 दिसंबर को अयोध्या में उसका शक्ति प्रदर्शन होगा। इस पर हम प्रसन्नता के साथ कहना चाहते हैं कि यह भारतीय जनता पार्टी, हमारी विचारधारा और भारतीय समाज की एकता का शक्ति प्रदर्शन है। यदि आप अयोध्या जा रहे हैं, तो यह भी समझिए कि हमारी विचारधारा और भारतीय समाज की एकता ने आपको वहां जाने के लिए विवश कर दिया है। एक दौर था, जब उत्तर प्रदेश में नारा लगता था, मिले मुलायम- कांशीराम, हवा में उड़ गए जय श्रीराम।' उस समय हमारी एक नेत्री साध्वी ने कहा था कि यह नारा इसलिए लग रहा है, क्योंकि समाज ने अपनी एकता में थोड़ी कमी दिखाई है। जिस दिन समाज पूरी एकता दिखा देगा, उस दिन मुलायम- कांशीराम ही नहीं, सबके मुंह से 'जय श्रीराम' का नारा निकलेगा।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि हम यह कह सकते हैं कि हमें समाज की एकता की शक्ति दिखाई दी है। 12 दिसंबर को भारतीय समाज र्की एकता की शक्ति का प्रदर्शन होगा। इस चुनाव में भी समाज अपनी एकता का परिचय दे ये चुनावी हिंदू इस बार श्रीरामलला के दर्शन करने गए हैं, अगले चुनाव में जय श्रीराम भी बोल देंगे। इसके साथ ही हमें यह समझना होगा कि हमारी नीतियों के केंद्र में विकास है, जबकि विपक्ष की नीतियों के केंद्र में केवल कट्टरपंथी अल्पसंख्यकवाद है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के पास केवल दो तरीके हैं: या तो हिंदू धर्म और भारतीय संस्कृति का अपमान करना या फिर इनके साथ छल करना।

उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष के आचरण में ये दोनों बातें स्पष्ट रूप से दिखाई देती हैं। कारसेवकों को गाली और गोली देने वाले लोगों की बोली अब बदली हुई नजर आ रही है। इसके पीछे उनका क्या मंतव्य है, इसे प्रदेश की जनता भली-भांति समझती है। जो लोग हमेशा धर्म और संस्कृति का अपमान करते रहते हैं, वे केवल छल ही कर सकते हैं। वे कभी निश्चल हृदय से भगवान के दर्शन नहीं कर सकते। इसी तरह इंडी गठबंधन में तृणमूल कांग्रेस के एक अन्य नेता हैं, जो पता नहीं अपनी कितनी और कीर्ति करवाकर मानेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि मुर्शिदाबाद में बनने वाली तथाकथित बाबरी मस्जिद को लेकर उनके मन में कोई पीड़ा नहीं थी, बल्कि उनके मन में मोहब्बत थी। वहीं, वे कहते हैं कि अयोध्या नहीं जाएंगे। इससे स्पष्ट होता है कि पूरे इंडी गठबंधन में भारतीय संस्कृति और हिंदू धर्म के प्रति घृणा पूरी तरह विद्यमान है। यह पूरी तरह स्थापित हो चुका है, जैसा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि इनके तीन ही लक्ष्य हैं सत्ता में लूट, समाज में फूट और दिल में भारतीय संस्कृति तथा हिंदू धर्म के लिए घृणा।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी