तेलंगाना के विधायक ने महाराष्ट्र पुलिस को दिया जवाब, समाज को जागरूक करना हर नागरिक का अधिकार
नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। तेलंगाना की गोशामहल सीट से विधायक टी राजा सिंह ने शनिवार को महाराष्ट्र पुलिस के उस नोटिस का जवाब दिया है, जिसमें उन पर रैली के दौरान अपशब्दों के इस्तेमाल करने से परहेज करने की हिदायत दी गई थी।
राजा सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि महाराष्ट्र के बिलोली में शनिवार शाम 6 बजे होने वाली मेरी सभा शुरू होने से पहले ही स्थानीय डिप्टी एसपी द्वारा मुझे नोटिस दिया गया है। मैं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से पूछना चाहता हूं कि हिंदुत्व के प्रति जागरुकता फैलाने और हिंदुओं को संगठित करने के लिए आयोजित सभाओं पर इस प्रकार का नोटिस देना क्या उचित है?
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी बात रखना और समाज को जागरूक करना हर नागरिक का अधिकार है। ऐसे में इस प्रकार की कार्रवाई बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण प्रतीत होती है।
महाराष्ट्र पुलिस ने हाल ही में अपनी रैली के दौरान अपशब्दों का प्रयोग करने को लेकर गोशामहल (तेलंगाना) के विधायक राजा सिंह को नोटिस भेजा था। नोटिस में उनको उनकी प्रस्तावित रैली के दौरान किसी तरह के अपशब्दों के इस्तेमाल न करने की हिदायत दी गई थी।
नोटिम में कहा गया था कि वर्तमान में बिलोली पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू है। चूंकि इस बात की पर्याप्त आशंका है कि उक्त सभा में आपकी उपस्थिति और भाषण से सार्वजनिक व्यवस्था में गड़बड़ी, शांति भंग या अन्य समुदायों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच सकती है।
नोटिस में कहा गया कि आप ऐसा कोई भाषण, कथन या अभिव्यक्ति न दें जिससे हिंसा भड़कने, सार्वजनिक शांति भंग होने या किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने की संभावना हो। आप धर्म, जाति, समुदाय, ऐतिहासिक हस्तियों या परंपराओं से संबंधित किसी भी प्रकार की भड़काऊ, अपमानजनक या संवेदनशील टिप्पणी करने से परहेज करेंगे। आप किसी भी ऐसे नेटवर्क में शामिल नहीं होंगे जो विभिन्न धार्मिक या सामाजिक समूहों के बीच शत्रुता, घृणा या दुर्भावना उत्पन्न कर सकता हो। यदि आप बिलोली पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में प्रवेश करते हैं, तो आप पुलिस अधिकारियों द्वारा जारी सभी कानूनी निर्देशों का सख्ती से पालन करेंगे।
--आईएएनएस
एमएस/पीएम
