सहारनपुर: डी फार्मा के छात्र ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
सहारनपुर, 27 दिसंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक छात्र के आत्महत्या करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। थाना फतेहपुर क्षेत्र के छुटमलपुर की नई बस्ती में रहने वाले डी फार्मा के छात्र वंश ने अपने ही कमरे में खुद के मफलर से फांसी लगाकर जान दे दी।
जानकारी के अनुसार, वंश दिन में पढ़ाई करता था और शाम को एक फैक्ट्री में काम कर परिवार का सहारा बन रहा था। घटना शनिवार सुबह की है। वंश की मां रीता अपने काम में लगी थीं। घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में वंश गया था। काफी देर तक जब वह नीचे नहीं आया तो मां को चिंता हुई। रीता छत पर पहुंचीं तो उनकी आंखों के सामने जो दृश्य था, उसने उनकी दुनिया उजाड़ दी।
वंश कमरे में मफलर के सहारे पंखे से लटका हुआ था। मां की चीख पूरे घर और मोहल्ले में गूंज उठी। मां की चीख सुनकर पड़ोसी दौड़े आए। किसी ने हिम्मत जुटाकर वंश को नीचे उतारा। तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घर में कोहराम मच गया। मां रीता बेटे के शरीर से लिपटकर बेसुध हो गईं।
वंश की दो बहनें, 18 साल की वंशिका और 16 साल की छोटी, रोते-रोते जमीन पर बैठ गईं। दोनों को देखकर हर किसी का दिल पसीज गया। दोनों 'भैया उठ जाओ' कहकर रो रही थीं।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही थाना फतेहपुर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने कमरे से सैंपल उठाए। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में आत्महत्या का मामला सामने आया है। हालांकि, पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, वंश के माता-पिता के बीच विवाद चल रहा है। दोनों अलग रहते हैं। वंश अपनी मां और बहन के साथ रहता था। दिन में कॉलेज जाता और शाम को एक फैक्ट्री में काम करता था। पड़ोसियों के मुताबिक वह मेहनती और शांत स्वभाव का लड़का था। परिवार की जिम्मेदारियां उसके कंधों पर थीं।
पड़ोसियों ने बताया कि चार-पांच दिन पहले वंश के पिता जितेंद्र यहां आए थे। उस दौरान उनकी पत्नी और बच्चों से तीखी बहस हुई थी। आरोप है कि झगड़े के दौरान वंश को भी गालियां दी गई थीं। उस दिन के बाद से वंश काफी परेशान और गुमसुम रहने लगा था। लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
