Aapka Rajasthan

सागर के शराब कांड पर उमंग सिंघार का तंज, बोले-सीएम का दौरा सिर्फ फोटो सेशन

भोपाल 10 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में हुए जहरीली शराब कांड के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव के प्रवास पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री यादव का दर्दनाक त्रासदी पर हुआ दौरा सिर्फ एक फोटो सेशन बनकर रह गया है।
 

भोपाल 10 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में हुए जहरीली शराब कांड के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव के प्रवास पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री यादव का दर्दनाक त्रासदी पर हुआ दौरा सिर्फ एक फोटो सेशन बनकर रह गया है।

दरअसल मुख्यमंत्री मोहन यादव दुबई प्रवास से भारत लौटने के बाद दिल्ली से सीधे सागर पहुंचे थे और उन्होंने यहां पीड़ितों से मुलाकात की, जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों के साथ बैठक की। इतना ही नहीं वे पीड़ितों से मिले और अस्पताल में उपचाररत मरीजों का हाल-चाल भी जाना।

मुख्यमंत्री यादव के इस प्रवास पर नेता प्रतिपक्ष ने तंज कसा है और कहा है कि सागर में जहरीली शराब ने 30 निर्दोष लोगों की जान ले ली। 30 परिवार उजड़ गए, लेकिन मुख्यमंत्री के लिए यह दर्दनाक त्रासदी भी सिर्फ एक ‘फोटो-सेशन’ बनकर रह गई। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री घटनास्थल पर पहुंचे, कैमरों के सामने तस्वीरें खिंचवाईं और लौट आए। असली सवाल आज भी खड़ा है, इस त्रासदी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई कब होगी?

नेता प्रतिपक्ष ने सवाल किया है कि आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना, एसपी अनुराग सुजानिया और सहायक आबकारी आयुक्त संजीव दुबे पर अब तक क्या कार्रवाई हुई? आखिर जवाबदेही तय करने में इतनी हिचक क्यों? क्या किसी से दोस्ती निभाने के लिए ऐसा किया जा रहा है? सागर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री यादव के तेवर तीखे थे और उन्होंने अधिकारियों को कार्रवाई के लिए फ्री हैंड देने की बात कही।

इस पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा है कि मुख्यमंत्री ने सागर में कहा कि अधिकारियों को ‘फ्री हैंड’ दिया गया है। सवाल है यह फ्री हैंड किसके लिए है? शराब माफिया पर कार्रवाई के लिए या जिम्मेदार अफसरों और बड़े ठेकेदारों को बचाने के लिए? नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का कहना है कि 30 चिताएं जल गईं, परिवारों की जिंदगी तबाह हो गई। अब सरकार को फोटो नहीं, जवाब देना होगा। मुख्यमंत्री! बताइए पीड़ित परिवारों को न्याय कब मिलेगा और जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी?

--आईएएनएस

एसएनपी/वीसी