Aapka Rajasthan

कलाकार के तौर पर कड़ी मेहनत करता हूं, बाकी सब किस्मत का खेल: शरद केलकर

नई दिल्ली, 6 मार्च (आईएएनएस)। जी टीवी पर प्रसारित टीवी शो 'तुम से तुम तक' की सफलता से अभिनेता शरद केलकर उत्साहित हैं। इस बीच उन्होंने प्रशंसकों को अपनी सफलता का राज भी बताया।
 
कलाकार के तौर पर कड़ी मेहनत करता हूं, बाकी सब किस्मत का खेल: शरद केलकर

नई दिल्ली, 6 मार्च (आईएएनएस)। जी टीवी पर प्रसारित टीवी शो 'तुम से तुम तक' की सफलता से अभिनेता शरद केलकर उत्साहित हैं। इस बीच उन्होंने प्रशंसकों को अपनी सफलता का राज भी बताया।

शरद केलकर ने अपनी सफलता का राज बताते हुए कहा कि वह कड़ी मेहनत करते हैं और अपनी कला के प्रति हमेशा सच्चे और ईमानदार रहते हैं। उन्होंने जी टीवी के स्पेशल इवेंट में ये बातें कहीं, जो 8 मार्च को टेलीकास्ट होने वाला है। जी कुटुंब नॉमिनेशन पार्टी रविवार को टेलीकास्ट होने वाली है, जहां पूरा जी कुटुंब एक शाम के लिए साथ नजर आएगा। इवेंट में मजेदार एक्टिविटीज, रोमांचक गेम्स और वसुधा, सरू, गंगा माई की बेटियां, जगधात्री, लक्ष्मी निवास, जाने अनजाने हम मिले, तुम से तुम तक और जागृति के एक्टर्स की जबरदस्त डांस परफॉर्मेंस भी होगी।

'तुम से तुम तक' में शरद के किरदार 'आर्या' को दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है, जिसमें निहारिका चौकसे भी मुख्य भूमिका में हैं। इवेंट के प्रोमो में देखने को मिला कि पार्टी के दौरान होस्ट जय सोनी, शरद केलकर को स्टेज पर बुलाते हैं और 'टीआरपी किंग' का खिताब देते हैं। उन्होंने कहा कि बहुत कम कलाकार ऐसे हैं, जो 20 साल पहले टीआरपी चार्ट पर राज करते थे और आज भी कर रहे हैं।

शरद 2005 में जी टीवी के शो 'सात फेरे: सलोनी का सफर' में थे, जो उस समय टॉप रेटेड शो था। अब 2025-26 में 'तुम से तुम तक' में उनका किरदार फिर से चार्ट्स पर छाया हुआ है और शो लगातार हाई टीआरपी हासिल कर रहा है। शरद ने इस सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह सब जी टीवी की वजह से है। 20 साल पहले उन्होंने मुझे ‘सात फेरे’ में मौका दिया था और आज फिर ‘तुम से तुम तक’ जैसे खूबसूरत शो में भरोसा किया। टीआरपी किंग कहलाने पर बस इतना कहूंगा कि एक कलाकार के रूप में मैं कड़ी मेहनत करता हूं, अपनी कला के प्रति सच्चा रहता हूं और पूरी डेडिकेशन से काम करता हूं। बाकी किस्मत का खेल है।”

जी टीवी के शो में अनु-आर्या के रोमांटिक डांस के साथ ही जी कुटुंब के लीड्स मजेदार गेम्स में हिस्सा लेते नजर आएंगे।

--आईएएनएस

एमटी/डीकेपी