Aapka Rajasthan

साध्वी निरंजन ज्योति ने रामलला के दर्शन किए, ध्वजारोहण कार्यक्रम में हुईं शामिल

अयोध्या, 29 मई (आईएएनएस)। अयोध्या धाम में शुक्रवार को राम मंदिर परिसर स्थित परिक्रमा क्षेत्र के दुर्गा मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम भव्य और धार्मिक माहौल के बीच संपन्न हुआ।
 
साध्वी निरंजन ज्योति ने रामलला के दर्शन किए, ध्वजारोहण कार्यक्रम में हुईं शामिल

अयोध्या, 29 मई (आईएएनएस)। अयोध्या धाम में शुक्रवार को राम मंदिर परिसर स्थित परिक्रमा क्षेत्र के दुर्गा मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम भव्य और धार्मिक माहौल के बीच संपन्न हुआ।

इस खास अवसर पर देशभर से आईं महिला प्रतिनिधियों और दुर्गा वाहिनी की टीमों ने भाग लिया। कार्यक्रम में भाजपा नेता और साध्वी निरंजन ज्योति भी शामिल हुईं।

अयोध्या पहुंचने के बाद साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि यह उनके लिए बेहद सौभाग्य की बात है कि उन्हें इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला।

साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा, "मैं पिछले 45 सालों से इस पावन और पवित्र भूमि रामलला की जन्मभूमि से जुड़ी हुई हूं। राम मंदिर आंदोलन से लेकर आज तक का सफर मैंने बहुत करीब से देखा है। यहां आकर रामलला का दर्शन करना हमेशा विशेष अनुभव देता है।"

उन्होंने कहा कि राम मंदिर परिसर में स्थित दुर्गा मंदिर के शिखर पर ध्वज फहराना उनके जीवन का एक यादगार और भावुक क्षण है।

वहीं दूसरी ओर, साध्वी राज लक्ष्मी मांडा ने भी कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताते हुए खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, "यह आयोजन बेहद अद्भुत लग रहा है और हम सभी यहां एक ऐतिहासिक पल के साक्षी बन रहे हैं। देशभर से दुर्गा वाहिनी की टीमें मां भगवती का ध्वज फहराने यहां पहुंची हैं।"

ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। महिला प्रतिनिधियों ने धार्मिक नारों और जयकारों के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।

राम मंदिर परिसर में आयोजित इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भी खास उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम ने अयोध्या के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व को एक बार फिर देशभर के सामने उजागर किया।

--आईएएनएस

वीकेयू/डीकेपी