आशुतोष राणा: साढ़े तीन साल की उम्र में खुद रख लिया था अपना नाम, पंडित जी के एक मंत्र से प्रभावित होकर मां से कही थी यह बात
मुंबई, 9 नवंबर (आईएएनएस)। आशुतोष राणा हिंदी सिनेमा के उन अभिनेताओं में शामिल हैं, जिनकी आवाज, डायलॉग डिलीवरी और पर्दे पर मौजूदगी ही किरदार को यादगार बना देती है। कभी 'दुश्मन' में साइको किलर बनकर उन्होंने दर्शकों के रोंगटे खड़े किए तो कभी 'संघर्ष' में लज्जा शंकर पांडे के किरदार से लोगों के मन में डर पैदा कर दिया। अभिनय की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले आशुतोष की जिंदगी का एक दिलचस्प किस्सा उनके नाम से जुड़ा है।
जिस उम्र में बच्चे ठीक से अपना परिचय देना भी नहीं सीख पाते, उस उम्र में आशुतोष ने खुद अपना नाम चुन लिया था। महज साढ़े तीन साल की उम्र में उन्होंने मां से कह दिया था कि आज से उनका नाम आशुतोष होगा।
आशुतोष राणा का जन्म 10 नवंबर 1967 को मध्य प्रदेश के गाडरवारा में हुआ था। अभिनेता ने एक बातचीत के दौरान अपने नाम के पीछे की कहानी साझा की थी। उन्होंने बताया था कि बचपन में परिवार के लोग उन्हें 'राणा जी' कहकर बुलाते थे। करीब साढ़े तीन साल की उम्र तक उनका कोई नाम नहीं रखा गया था। इसी बीच घर में भगवान शिव की पूजा का आयोजन हुआ। पूजा के दौरान पंडित जी मंत्र पढ़ रहे थे। इसी दौरान उनके मुंह से 'ॐ आशुतोषाय नमः' निकला। यह शब्द उनको इतना पसंद आया कि उन्होंने तुरंत इसका मतलब पूछ लिया।
पंडित जी ने उन्हें बताया कि आशुतोष भगवान शिव का एक नाम है। इसका अर्थ है वह, जो बहुत जल्दी प्रसन्न हो जाए। यह अर्थ सुनकर उन्हें नाम इतना पसंद आया कि उन्होंने अपनी मां से साफ कह दिया कि आज से उनका नाम आशुतोष होगा। इस तरह उन्होंने खुद ही अपना नाम चुन लिया। अभिनेता ने इस किस्से को साझा करते हुए कहा कि वह खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें अपना नाम रखने का मौका मिला।
आशुतोष ने आगे चलकर अभिनय की दुनिया में भी अपनी पसंद का रास्ता चुना। उन्हें बचपन से ही मंच और अभिनय में दिलचस्पी थी। चार साल की उम्र में उन्होंने पहली बार मंच पर प्रस्तुति दी थी। वह स्थानीय रामलीला में हिस्सा लेते थे और रावण का किरदार निभाना उन्हें खास तौर पर पसंद था। इसी लगाव ने आगे चलकर उन्हें अभिनय की पढ़ाई के लिए नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा तक पहुंचाया।
दिल्ली के नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से प्रशिक्षण लेने के बाद आशुतोष मुंबई पहुंचे। यहां उन्हें महेश भट्ट के टीवी शो 'स्वाभिमान' से काम करने का मौका मिला। टेलीविजन पर अपनी पहचान बनाने के बाद उन्होंने 1998 में फिल्म 'दुश्मन' से हिंदी सिनेमा में अपनी छाप छोड़ी। इस फिल्म में उन्होंने एक खतरनाक साइको किलर का किरदार निभाया था। इसके बाद फिल्म 'संघर्ष' में लज्जा शंकर पांडे के रूप में उनका अभिनय खूब चर्चा में रहा। दोनों फिल्मों ने उन्हें हिंदी सिनेमा के यादगार खलनायकों में शामिल कर दिया।
आशुतोष ने अपने करियर में सिर्फ नकारात्मक किरदारों तक खुद को सीमित नहीं रखा। 'गुलाम', 'जानवर', 'राज', 'अब के बरस', 'हासिल', 'कलयुग', 'आवारापन', 'सोनचिड़िया' और 'सिम्बा' जैसी फिल्मों में उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए। वहीं, 'पठान' और 'वॉर 2' जैसी फिल्मों में भी उनकी मौजूदगी देखने को मिली।
आशुतोष राणा लेखन और साहित्य में भी गहरी रुचि रखते हैं। उनकी किताब 'रामराज्य' भी काफी चर्चा में रही है।
--आईएएनएस
पीके/डीकेपी
