Aapka Rajasthan

सदन न चलने को लेकर भाजपा नेताओं ने साधा निशाना, बोले- विपक्ष की मंशा लोकसभा बाधित करना

नई दिल्ली, 21 जुलाई (आईएएनएस)। मॉनसून सत्र और दिल्ली में विरोध प्रदर्शन को लेकर भाजपा सांसद कालीचरण सिंह और जगन्नाथ सरकार की प्रतिक्रिया सामने आई है।
 

नई दिल्ली, 21 जुलाई (आईएएनएस)। मॉनसून सत्र और दिल्ली में विरोध प्रदर्शन को लेकर भाजपा सांसद कालीचरण सिंह और जगन्नाथ सरकार की प्रतिक्रिया सामने आई है।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए कालीचरण सिंह ने कहा कि कल लोकसभा शुरू होने के बाद जब विपक्ष की ओर से तख्ती लहराई गई तो अध्यक्ष ओम बिरला की ओर से व्यवस्था दी गई कि प्रश्नकाल चलने दिया जाए और नोटिस दें। उन्होंने कहा कि संसदीय परंपरा के अनुसार आपके (विपक्ष) प्रश्नों पर बहस कराने के लिए मैं तैयार हूं, लेकिन विपक्ष को प्रश्नों का उत्तर नहीं चाहिए था। विपक्ष की मंशा थी कि केवल लोकसभा बाधित हो।

कालीचरण सिंह ने आगे कहा कि विपक्ष की विचित्र स्थिति है। चाहें कांग्रेस पार्टी हो, समाजवादी पार्टी हो सबकी स्थिति विचित्र दिखी। यह संसदीय परंपरा के विरुद्ध है। ओम बिरला की ओर से बार-बार आग्रह किया गया, लेकिन कोई सुनने और समझने को तैयार नहीं था।

दिल्ली में हो रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर कालीचरण सिंह ने कहा कि जब छात्रों ने धरना प्रदर्शन पर बैठकर अपनी मांग रखी थी, तब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और उनकी बात को सुनीं। अगर राहुल गांधी की ओर से कहा जाता है कि देश की सरकार युवा विरोधी है, तो मेरा मानना है कि राहुल गांधी को युवा का अर्थ नहीं पता होगा या फिर यह उनकी समझदारी से बाहर की चीज है। नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में युवाओं के हित में जितना काम हुआ है, शायद उतना कभी देश में नहीं हुआ। कालीचरण सिंह ने आगे कहा कि छात्रों की एक-एक मांग का मोदी सरकार ने अनुपालन करने का प्रयास किया है।

कॉकरोच जनता पार्टी के लोगों के फिर से धरने पर बैठने को लेकर कालीचरण सिंह ने कहा कि उनके पहले सवाल करना चाहिए और जब उसका जवाब आ जाए तब उनकी बात को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। सदन में बात नहीं की जाती और सदन के बाहर हल्ला किया जाता है। सदन के बाहर की दुनिया से सरकार तो चलती नहीं है। सीजेपी को संरक्षण देने वाले (कांग्रेस और सपा) तो सदन में हैं। सदन के बाहर सरकार नहीं चलती, सदन के अंदर परंपराओं से सरकार चलती है।

वहीं, भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार ने आईएएनएस से कहा कि करप्शन को खत्म करने के लिए सरकार काम कर रही है। सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ है। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सरकार हमेशा सक्रिय है। इसको लेकर हल्ला मचाकर संसद की कार्यवाही न चलना सही नहीं है।

--आईएएनएस

एसडी/पीएम