ऋतुराज गायकवाड़ बहुत ज्यादा दबाव में हैं: रविचंद्रन अश्विन
नई दिल्ली, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में शनिवार को 2 मुकाबले खेले गए। दोपहर का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच और रात का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच खेला गया। भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटरों रविचंद्रन अश्विन और चेतेश्वर पुजारा ने सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज डेविड मिलर पर बात की।
जियोहॉटस्टार 'गूगल सर्च एआई मोड मैच सेंटर लाइव' पर बात करते हुए जियोस्टार एक्सपर्ट रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ दबाव में दिख रहे हैं।
अश्विन ने कहा, "उनके लिए रन बनाने का यह सबसे अच्छा मौका था। आयुष म्हात्रे ने जिस तरह से शुरुआत की, उसे देखते हुए उन्हें रिस्क लेने या तेज रफ्तार से रन बनाने की जरूरत नहीं थी। वे पावरप्ले में तेजी से आगे बढ़ रहे थे। ऋतुराज के लिए कुछ समय लेने, कुछ रन बनाने और फॉर्म में वापस आने का यही सही मौका था। आयुष म्हात्रे के विकेट के बाद, ऋतुराज को एक बहुत अच्छी गेंद मिली, उन्हें पुल पर हराना आसान नहीं है। मुझे बस लगता है कि वह बहुत ज्यादा दबाव में हैं, और उनका दिमाग थोड़ा उलझा हुआ लग रहा है।"
एसआरएच के खिलाफ मैच सीएसके के लिए पारी की शुरुआत करने वाले गायकवाड़ 13 गेंदों पर 19 रन बनाकर आउट हुए।
जियोहॉटस्टार 'गूगल सर्च एआई मोड मैच सेंटर लाइव' पर बात करते हुए जियोस्टार एक्सपर्ट चेतेश्वर पुजारा ने दिन के पहले मैच में डीसी के डेविड मिलर की आरसीबी के खिलाफ खेली गई पारी की तारीफ की।
पुजारा ने कहा, "डीसी दबाव में थी। शेफर्ड के खिलाफ पहले छक्के ने सब कुछ बदल दिया। जब आपको आखिर में एक बड़ा ओवर चाहिए होता है, तो वह पहला छक्का बहुत जरूरी होता है, और उसके बाद चीजें थोड़ी आसान हो गईं। डेविड मिलर दबाव में थे, क्योंकि वह पहले के एक मैच में फिनिश लाइन पार नहीं कर पाए थे, भले ही उन्होंने उन्हें बहुत करीब पहुंचा दिया था। इसलिए, आपके मन में शक आ सकता है, लेकिन वह बहुत अनुभवी बल्लेबाज हैं, अच्छी फॉर्म में है, और ट्रिस्टन स्टब्स भी वहां थे। उन्हें आखिरी ओवर में वे रन बनाने का भरोसा था क्योंकि उन्हें पता था कि आरसीबी को आखिर में अपना छठे गेंदबाज का इस्तेमाल करना होगा। वे इसका इंतजार कर रहे थे, और आखिरकार गेम खत्म कर दिया।"
आखिरी ओवर में डीसी को जीत के लिए 15 रन की जरूरत थी। डेविड मिलर ने रोमारियो शेफर्ड को लगातार 2 छक्के और 1 चौका लगाते हुए टीम को जीत दिला दी। डीसी को जीत के लिए 176 रन चाहिए थे। मिलर 10 गेंदों पर 22 रन बनाकर नाबाद लौटे।
--आईएएनएस
पीएके
