रूस के कामचटका क्षेत्र में भूकंप के जबरदस्त झटके, रिक्टर स्केल पर 6.9 दर्ज की गई तीव्रता
मॉस्को, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। रूस के कामचटका प्रायद्वीप क्षेत्र में शुक्रवार तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रूस की विज्ञान अकादमी की भूभौतिकी सेवा की कामचटका शाखा के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.9 दर्ज की गई। भूकंप के कारण हुए नुकसान या हताहतों के बारे में फिलहाल कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है।
यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के हवाले से समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने बताया कि शुक्रवार को 03:35 (स्थानीय समयानुसार) पर रूस के ओजर्नोव्स्की से 76 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में 6.9 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप का केंद्र 143.2 किलोमीटर की गहराई पर था और शुरुआती आकलन के अनुसार यह 52.01 डिग्री उत्तरी अक्षांश तथा 157.25 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था।
रूसी समाचार एजेंसी 'टास' की रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप के झटके महसूस होने के बाद क्षेत्रीय प्रशासनिक केंद्र के कई निवासी एहतियात के तौर पर अपने घरों और अपार्टमेंट से बाहर निकल आए।
रिहायशी इमारतों के अंदर झूमर और लाइटें जोर-जोर से हिलने लगीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि भूकंप के झटके साफ तौर पर महसूस हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थानीय समयानुसार दोपहर 3:35 बजे आए ये झटके करीब एक मिनट तक जारी रहे।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप के तुरंत बाद कोई सुनामी अलर्ट जारी नहीं किया गया। अमेरिकी नेशनल सुनामी वार्निंग सेंटर ने कहा कि झटकों के बाद कोई खतरा नहीं है।
कामचटका प्रायद्वीप 'रिंग ऑफ फायर' में टेक्टोनिक बेल्ट पर स्थित है, जो प्रशांत महासागर के अधिकांश हिस्से को घेरे हुए है और भूकंपीय गतिविधियों का एक हॉटस्पॉट है।
--आईएएनएस
एवाई/एएस
