Aapka Rajasthan

रूसी हमले में कीव क्षेत्र की इमारत का हिस्सा ढहा, 14 लोग लापता, मलबे में दबे होने की आशंका

कीव, 22 नवंबर (आईएएनएस)। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया कि रूस के ड्रोन हमले के बाद एक पांच मंजिला इमारत का एक हिस्सा ढह गया। कीव क्षेत्र के डायमर में रविवार सुबह से खोज और बचाव अभियान जारी है। रूस के ड्रोन हमले के बाद एक पांच मंजिला इमारत का एक हिस्सा ढह गया।
 

कीव, 22 नवंबर (आईएएनएस)। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया क‍ि रूस के ड्रोन हमले के बाद एक पांच मंजिला इमारत का एक हिस्सा ढह गया। कीव क्षेत्र के डायमर में रविवार सुबह से खोज और बचाव अभियान जारी है। रूस के ड्रोन हमले के बाद एक पांच मंजिला इमारत का एक हिस्सा ढह गया।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए बताया क‍ि राहत और बचाव दल ने तेजी से काम करते हुए अब तक नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है और आग पर भी काबू पा लिया गया है। हालांकि, मलबे के नीचे अभी भी लोगों के फंसे होने की आशंका है। फिलहाल 14 लोग लापता बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश जारी है। घटना स्थल पर सभी जरूरी आपातकालीन सेवाएं तैनात हैं।

इस बीच, जापोरिजिया में भी रूस की ओर से रिहायशी इमारतों पर किए गए गाइडेड एयर बम हमले में एक बच्चा घायल हो गया।

यूक्रेनी राष्ट्रपति का कहना है कि इस सप्ताह देश के 20 क्षेत्रों पर रूसी हमले हुए हैं। इन हमलों में रूस ने करीब 2,700 ड्रोन, लगभग 1,460 हवाई बम और 165 अलग-अलग प्रकार की मिसाइलें दागीं।

दावा है कि इनमें बड़ी संख्या में बैलिस्टिक मिसाइलें भी शामिल थीं, जिनमें उत्तर कोरिया की मिसाइलें भी थीं। उनका आरोप है कि रूस लगातार उत्तर कोरिया को इन मिसाइलों की तकनीक बेहतर बनाने में मदद कर रहा है, ताकि उनकी सटीकता बढ़ाई जा सके।

यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि ऐसे हालात में देश को एंटी-बैलिस्टिक मिसाइल इंटरसेप्टर मिलने में हो रही देरी को समझना मुश्किल है। देश ने अपनी हवाई सुरक्षा को और मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया है।

यूक्रेन ने विशेष रूप से अमेरिका से अपील की है कि वह 'पेट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम' के लिए उन मिसाइलों के हस्तांतरण की अनुमति दे, जिनका भुगतान उसके सहयोगी देश पहले ही 'पर्ल' कार्यक्रम के तहत कर चुके हैं। उन्‍होंने यह भी कहा कि 'पर्ल' कार्यक्रम में सहयोग जारी रहना बहुत जरूरी है, क्योंकि यही उसके लिए एंटी-बैलिस्टिक इंटरसेप्टर प्राप्त करने का प्रमुख स्रोत है।

यूक्रेनी अधिकारियों ने उन सभी देशों और साझेदारों का धन्यवाद किया, जिन्होंने उसकी सुरक्षा और रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने में सहायता की है।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम