आरएसएस के शताब्दी वर्ष पर नागपुर को बड़ी सौगात, डॉ. हेडगेवार के नाम पर फ्लाईओवर का लोकार्पण
नागपुर, 19 सितंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की स्थापना के 100वें वर्ष के अवसर पर नागपुर में एक महत्वपूर्ण फ्लाईओवर का लोकार्पण किया गया। करीब 998 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस फ्लाईओवर का नाम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम पंत हेडगेवार के नाम पर रखा गया है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने फ्लाईओवर का लोकार्पण और शिलापट्ट का अनावरण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ फ्लाईओवर का निरीक्षण भी किया।
नागपुर शहर में इंदौरा चौक से दिघोरी चौक के बीच बने इस फ्लाईओवर को शहर की यातायात व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह नागपुर के उत्तर और दक्षिण हिस्से के बीच संपर्क को बेहतर बनाने में मदद करेगा। परियोजना का उद्देश्य प्रमुख मार्गों पर कनेक्टिविटी बेहतर करने के साथ यातायात के दबाव को कम करना है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर फ्लाईओवर से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए इसकी लागत करीब 998 करोड़ रुपए बताई। उन्होंने कहा कि शहर की उत्तर से दक्षिण दिशा को जोड़ने वाली यह परियोजना नागपुर के प्रमुख मार्गों की कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100वें वर्ष के अवसर पर फ्लाईओवर का नाम डॉ. केशव बलिराम पंत हेडगेवार के नाम पर रखा गया है। संघ की स्थापना डॉ. हेडगेवार ने नागपुर में की थी।
वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की ओर से सोशल मीडिया पर कार्यक्रम की जानकारी साझा की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि इंदौरा चौक से दिघोरी चौक के बीच बने 'डॉ. केशव बलिराम पंत हेडगेवार फ्लाईओवर' का लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र सरकार के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, विधायक प्रवीण दटके, मोहन मते और कृष्णा खोपडे के अलावा नागपुर की महापौर नीता ठाकरे, उप महापौर लीला हाथीबेड, पूर्व महापौर दयाशंकर तिवारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर के इंदौरा से पारडी फ्लाईओवर का नाम भी डॉ. केशव बलिराम पंत हेडगेवार के नाम पर रखने की घोषणा की।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
