रूस के विदेश मंत्री लावरोव का ईरान दौरा, बाघेई बोले- क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर होगी चर्चा
तेहरान/मास्को, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव सोमवार को ईरान पहुंच रहे हैं। मध्य-पूर्व संघर्ष शुरू होने के बाद यह उनकी पहली ईरान यात्रा है। तेहरान स्थित विदेश मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने एक बयान में कहा कि दोनों पक्ष "क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों" पर चर्चा करेंगे।
लावरोव ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात करेंगे। स्टेट मीडिया के अनुसार, उन्होंने कहा कि मास्को की कोशिशें "एक बड़े युद्ध को फिर से भड़कने से रोकने" के लिए हैं, खासकर तब जब तेहरान और वाशिंगटन के बीच बातचीत रुकी हुई है।
वहीं, मास्को में ईरान के राजदूत काजेम जलाली ने कहा कि लावरोव की यात्रा दोनों देशों के बीच चल रही उच्च-स्तरीय बातचीत का हिस्सा होगी। उन्होंने बताया कि पिछले हफ्ते तुर्कमेनिस्तान के अवाजा में ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात हुई थी, जो एक महीने के भीतर उनकी तीसरी मुलाकात थी।
जलाली ने इस बात पर जोर दिया कि तेहरान और मास्को के बीच करीबी संबंध केवल द्विपक्षीय एजेंडे तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनमें क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दे भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ईरान-रूस की साझेदारी का मुख्य आधार अपने आसपास के क्षेत्रों में शांति, स्थिरता और सुरक्षा को बनाए रखना और बढ़ावा देना है, जिसमें बाहरी ताकतों का कोई हस्तक्षेप या रुकावट न हो।
रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने पहले ही घोषणा की थी कि लावरोव 19 अक्टूबर को कामकाजी बैठकों के लिए तेहरान का दौरा करेंगे। डब्ल्यूएएनए न्यूज एजेंसी (तेहरान में स्थित एक निजी समाचार एजेंसी) के अनुसार, वे आपसी हितों के मुद्दों पर चर्चा करने के लिए ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची से मुलाकात करेंगे।
यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब अक्टूबर की शुरुआत में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने ईरानी समकक्ष मसूद पेजेश्कियन से कहा था कि मास्को मध्यस्थता के प्रयासों में योगदान देने के लिए तैयार है।
--आईएएनएस
केआर/
