Aapka Rajasthan

भोपाल में 'केरल फेस्ट 2026' में दिखेगी केरल की संस्कृति और समृद्धि

भोपाल, 10 नवंबर (आईएएनएस ) मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार से केरल फेस्ट 2026 शुरू हो रहा है। पांच दिन तक चलने वाले इस आयोजन में केरल की संस्कृति और समृद्धि देखने को मिलेगी । यूनाइटेड मलयाली एसोसिएशन के ओ डी जोसेफ ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि पाँच दिवसीय यह सांस्कृतिक महोत्सव केरल और मध्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और कलात्मक विविधता का अनूठा संगम होगा। इस वर्ष का केरल फेस्ट विशेष रूप से केरल एवं मध्य प्रदेश के स्थापना दिवसों के स्मरण और उनके गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक पहचान तथा विरासत को समर्पित है।
 
उन्होंने बताया है कि इस महोत्सव का उद्देश्य केरल की जीवंत सांस्कृतिक परंपराओं, मध्य प्रदेश की पारंपरिक एवं लोक कलाओं तथा देश के विभिन्न अन्य राज्यों की विविध सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों को एक साझा मंच पर प्रस्तुत करना है। कला, संस्कृति, संगीत और परंपराओं के इस अनूठे संगम के माध्यम से केरल फेस्ट विभिन्न राज्यों के बीच मैत्री, पारस्परिक सद्भाव, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और जन-संपर्क को प्रोत्साहित करते हुए राष्ट्रीय एकता तथा ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को सुदृढ़ करने का प्रयास करेगा।

उन्होंने आगे बताया कि केरल फेस्ट 2026 का औपचारिक उद्घाटन 11 नवंबर को होने जा रहा है। इस अवसर पर भारत सरकार के केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस तथा पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी की उपस्थिति रहेंगे । बताया गया है कि केरल फेस्ट 2026 में केरल की शास्त्रीय, पारंपरिक एवं लोक कलाओं की विविधतापूर्ण प्रस्तुतियाँ होंगी, जिनके माध्यम से दर्शकों को राज्य की समृद्ध और विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

इस आयोजन का पुलिकली नृत्य आकर्षण का केंद्र रहेगा, जिसे बाघ नृत्य के नाम से भी जाना जाता है, केरल की अत्यंत रंगीन, ऊर्जावान और लोकप्रिय लोक कलाओं में से एक है। इसमें कलाकार अपने शरीर पर बाघ की आकर्षक आकृतियाँ और रंग बनाकर पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप पर नृत्य करते हैं। कलाकारों की जोशीली मुद्राएँ, जीवंत भाव-भंगिमाएँ और पारंपरिक ताल-लय इस प्रस्तुति को अत्यंत आकर्षक बनाती हैं। पुलिकली केरल की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक उल्लास का सशक्त प्रतीक है।

केरल फेस्ट में विभिन्न शास्त्रीय, पारंपरिक एवं लोकनृत्यों, संगीत प्रस्तुतियों, ऑर्केस्ट्रा तथा अन्य सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। केरल फेस्ट 2026 में मध्य प्रदेश तथा देश के कई अन्य राज्यों की पारंपरिक एवं लोक कलाओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और कलात्मक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए भी एक जीवंत मंच उपलब्ध कराया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रीय, भाषायी और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतिनिधित्व करने वाले कलाकार इस महोत्सव में भाग लेकर आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक संवाद का वातावरण निर्मित करेंगे।

--आईएएनएस

एसएनपी/पीएम