रोजगार मेले में नियुक्ति पत्र मिलने पर खुश दिखीं महिलाएं, केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा बोले- युवाओं को अवसर मिला
मुंबई, 23 मई (आईएएनएस)। रोजगार मेले को लेकर केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि 19वें रोजगार मेले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के चलते लगभग 51,000 युवाओं को राष्ट्र-निर्माण में योगदान देने के लिए सरकारी सेवा में अवसर प्रदान किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री के प्रगतिशील दृष्टिकोण को दर्शाता है कि सरकारी भर्तियों में इंटरव्यू की प्रक्रिया को समाप्त कर दिया गया है, और विज्ञापन से लेकर नियुक्ति तक एक समय-सीमा के भीतर पूरी होने वाली, पारदर्शी प्रणाली लागू की गई है।
उन्होंने कहा कि 2004 से लेकर 2014 तक केवल 7.25 लाख सरकारी नौकरियां दी गई थीं। आज पीएम मोदी के नेतृत्व में लगभग 11 लाख युवाओं को नौकरियां दी जा चुकी हैं। पीएम मोदी की ओर से जिन 51000 अभ्यर्थियों की नियुक्ति पत्र दिए गए हैं, उनको बहुत बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।
राहुल गांधी को लेकर हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी तो युवाओं को देश के निर्माण में भागीदार बनाने की सोच ही नहीं थी। आज पीएम मोदी ने देश के युवाओं को विकसित भारत के वाहक के तौर पर माना है।
उधर, रोजगार मेले के तहत नियुक्ति पत्र पाने वाली एक महिला ने कहा कि मुझे रेल मंत्रालय से नियुक्ति पत्र मिला है और मेरा चयन 'असिस्टेंट लोको पायलट' के तौर पर हुआ है। यह मेरे और मेरे परिवार के लिए बेहद गर्व का पल है और मैं इस नौकरी के जरिए देश की सेवा करने के लिए बहुत उत्साहित हूं। भारत सरकार और रेल मंत्रालय की मैं बहुत आभारी हूं कि उन्होंने मुझे यह शानदार अवसर प्रदान किया।
एक और महिला संघमित्रा मोरे ने कहा कि मेरा चयन रेलवे के मकैनिकल विभाग में हुआ है। मुझे काफी खुशी हो रही है। प्रधानमंत्री काफी अच्छा काम कर रहे हैं। वहीं, बीपीसीएल में चयन होने पर श्वेता कांगले ने कहा कि काफी वर्षों से तैयारी कर रही थी, अब ये नौकरी मिली तो काफी खुशी हुई। प्रधानमंत्री युवाओं के बारे में काफी सोचते हैं।
वहीं, पुणे स्थित कोरेगांव पार्क में रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। कार्यक्रम में मौजूद कई युवाओं ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए अपनी खुशी जाहिर की और कहा कि रोजगार मिलने से उनके भविष्य को नई दिशा मिली है। युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के रोजगार मेले से देश के युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम
