रोहित शर्मा ने इंग्लैंड में रचा इतिहास, आठ साल पुराना अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा
लंदन, 20 जुलाई (आईएएनएस)। भारत को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में 27 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही भारतीय टीम ने टी20 के बाद वनडे सीरीज को भी 1-2 से गंवाया। हालांकि, लॉर्ड्स के मैदान पर रोहित शर्मा तीसरे वनडे में बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 138 रनों की लाजवाब पारी खेली।
रोहित ने अपनी इस शतकीय पारी के दौरान 17 चौके और 5 छक्के लगाए। रोहित ने अपनी इस पारी के साथ ही इंग्लैंड की धरती पर इतिहास रचा। वह भारत और इंग्लैंड वनडे सीरीज में इंग्लिश कंडिशंस में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने अपना ही 8 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। रोहित ने साल 2017 में ट्रेंट ब्रिज में 137 रनों की नाबाद पारी खेली थी। रोहित तीसरे वनडे में बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने कप्तान शुभमन गिल के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 147 रनों की अहम साझेदारी निभाई।
गिल के 77 रनों के स्कोर पर पवेलियन लौटने के बाद रोहित ने विराट कोहली संग मिलकर मोर्चा संभाला। उन्होंने कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 86 गेंदों में 113 रनों की साझेदारी निभाई। पहले दो मुकाबलों में रन न बनाने की वजह से फॉर्म को लेकर उठ रहे तमाम तरह के सवालों का जवाब रोहित ने तीसरे वनडे में बल्ले से दिया।
हालांकि, रोहित की यादगार पारी भी भारतीय टीम को जीत नहीं दिला सकी। इंग्लैंड से मिले 388 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत 7 विकेट खोकर 360 रन ही बना सका। रोहित के अलावा, भारत की ओर से शुभमन गिल ने 77 रन बनाए, जबकि कोहली ने 60 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 74 रन बनाए।
हालांकि, ईशान किशन (14 रन) और श्रेयस अय्यर (0) बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। केएल राहुल भी 12 रन ही बना सके, तो अक्षर पटेल 2 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले, इंग्लैंड ने 50 ओवर में 3 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 387 रन लगाए। टीम की तरफ से बेन डकेट ने 141 रनों की लाजवाब पारी खेली, तो जैकब बेथेल ने 91 रन बनाए। जो रूट ने 48 गेंदों में नाबाद 74 रन बनाए, तो जोस बटलर ने 13 गेंदों में 41 रनों का योगदान दिया।
--आईएएनएस
एसएम/पीएम
