रोहित पवार ने अवैध शराब की दुकान पर की तोड़फोड़, कहा- पुलिस विभाग अवैध धंधे में शामिल
मुंबई, 29 मई (आईएएनएस)। एनसीपी (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने अपने समर्थकों के साथ पुणे में अवैध शराब बेचने वाली एक दुकान पर तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान उन्होंने अवैध शराब के कारोबार, बढ़ते अपराध और पुलिस की निष्क्रियता पर तीखा हमला बोला।
एनसीपी (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने कहा कि पुणे में अपराध दर तेजी से बढ़ रही है। ‘कोयता गैंग’ की गतिविधियां बढ़ गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि कोई शिकायत दर्ज कराता है तो गैंग के सदस्य वहां पहुंचकर तोड़फोड़ और हमले करते हैं। एक मामले में तो एक बच्चे का हाथ तक तोड़ दिया गया।
विधायक ने अवैध शराब कांड पर कहा, “पिछले दो-तीन दिनों में खराब क्वालिटी वाली अवैध शराब पीने से लगभग आठ लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस का दावा है कि ये मौतें हार्ट अटैक या अन्य कारणों से हुई हैं, जो सच छिपाने की कोशिश लगती है। दिन-दहाड़े हत्याएं हो रही हैं, महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, लेकिन पुलिस पूरी तरह निष्क्रिय है। ये आठ मौतें सिर्फ रिपोर्ट हुई हैं, हो सकता है और भी कई मौतें हुई हों।”
रोहित पवार ने सवाल उठाया कि क्या दुकान मालिक ने अवैध शराब बेचने की अनुमति दी थी। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और कहा कि यदि राज्य सरकार और पुणे पुलिस इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है तो इसका मतलब है कि पुलिस विभाग भी इस अवैध धंधे में शामिल है। सीआईडी मुख्यालय के दौरे में रोहित पवार ने सीआईडी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा, “सीआईडी कभी अत्यंत सम्मानित विभाग हुआ करता था, जिसकी तुलना अंतर्राष्ट्रीय एजेंसियों से की जाती थी। कांग्रेस शासन में मामले तेजी से निपटाए जाते थे। लेकिन, अब पिछले छह महीनों में हमारे प्रयासों के बावजूद अधिकारी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। सीआईडी अब अपनी विश्वसनीयता खो चुका है।”
विधायक ने अजित पवार विमान दुर्घटना मामले को सीबीआई को सौंपने की मांग की। उन्होंने कहा कि आरटीआई के माध्यम से मांगी गई जानकारी को दबाया जा रहा है और डीजीसीए ने भी अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया है।
--आईएएनएस
एसएके/एबीएम
