'रोडीज रीबर्थ' में ओजी बनाम न्यूजी की टक्कर, रणविजय सिंघा बोले- इस बार मुकाबला होगा सबसे बड़ा
मुंबई, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। लोकप्रिय एडवेंचर रियलिटी शो 'रोडीज रीबर्थ' में रणविजय सिंघा एक बार फिर होस्ट के तौर पर नजर आएंगे। रणविजय सिंघा का कहना है कि इस बार शो में अब तक की सबसे बड़ी टक्कर देखने को मिलेगी, जहां ओजी का मुकाबला तीन न्यूजी से होगा और दो गैंग में बंटे छह लोग गेम को चलाएंगे।
गुरुवार को इंस्टाग्राम पर रणविजय ने एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें दिखाया गया कि गैंग लीडर्स रोडीज की इस बड़ी जर्नी के लिए कैसे तैयारी कर रहे हैं।
वीडियो कॉल पर रणविजय देखते हैं कि ओजी - नेहा, निखिल और प्रिंस जिम में पसीना बहा रहे हैं और आगे आने वाली चुनौतियों के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं, जबकि दूसरी तरफ न्यूजी में बानी और बसीर पुश अप चैलेंज कर रहे हैं और अभिषेक भी इसमें शामिल होते हैं, लेकिन उनका फिटनेस वाला मुकाबला मजेदार तरीके से फेल हो जाता है।
रणविजय सिंघा ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, "वार्म अप कर लो, आगे की जर्नी काफी एक्शन से भरपूर होने वाली है। एक तरफ ओजी का एक्सपीरियंस, दूसरी तरफ न्यूजी का अटूट कॉन्फिडेंस। इस सीजन एंटरटेनमेंट और राइवलरी दोनों का तड़का गारंटीड है।"
शो में पहली बार ऐसा होगा जब दो टीमों के अंदर छह गैंग लीडर्स एक साथ नजर आएंगे। ओजी में निखिल चिनापा, नेहा धूपिया और प्रिंस नरूला हैं, जबकि न्यूजी में अभिषेक मल्हान, बानी जे और बसीर अली हैं और दोनों के बीच सीधी टक्कर होगी।
रणविजय कहते हैं, "हमें यही एटीट्यूड चाहिए, क्योंकि इस बार लड़ाई कडी होने वाली है। आप सभी जानते हैं कि इस बार रोडीज रीबर्थ में दो गैंग है, लेकिन गेम को छह लोग चला रहे हैं। तीन ओजी का सामना तीन न्यूजी से होगा और ये एक ऐसा अंदाज है जो हमने रोडीज में पहले कभी नहीं देखा। असली सफर अब शुरू होने वाला है और मैं यह देखने के लिए बेताब हूं कि वे रोडीज की इस जर्नी में क्या लेकर आते हैं।"
इससे यह सीजन ड्रामा, सरप्राइज, दोस्ती-दुश्मनी और पावर शिफ्ट से भरपूर होने वाला है। दो गैंग, छह गैंग लीडर्स और सर्वाइवल की एक बड़ी जंग के साथ 'रोडीज रीबर्थ' इस शो की कहानी को एक नए और अनप्रेडिक्टेबल दौर में ले जाने वाला है। यह शो 16 अक्टूबर से जियो हॉटस्टार और एमटीवी पर शुरू होगा।
--आईएएनएस
एनएस/वीसी
