राजद के 30वें स्थापना दिवस को सुधाकर सिंह ने बताया ऐतिहासिक, कहा-विचारधारा से समझौता किए बिना लड़ी सामाजिक न्याय की लड़ाई
पटना, 1 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के 30वें स्थापना दिवस को सांसद सुधाकर सिंह ने ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने हमेशा उन मुद्दों पर लड़ाई लड़ी है जो लोगों के हित में हैं।
राजद सांसद सुधाकर सिंह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "यह पार्टी के लिए एक ऐतिहासिक पल है। पिछले 30 सालों से, बिहार में सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता के सिद्धांतों पर बनी राष्ट्रीय जनता दल अपनी विचारधारा से जरा भी समझौता किए बिना आगे बढ़ती रही है। चाहे राज्य स्तर का मुद्दा हो या राष्ट्रीय स्तर का, पार्टी ने हमेशा उन मुद्दों पर लड़ाई लड़ी है जो लोगों के हित में हैं।"
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को पुलिस द्वारा रामलला के दर्शन कराए जाने पर सुधाकर सिंह ने कहा, "दर्शन करने में पुलिस लगानी पड़े, कोई बाबरी मस्जिद तो जा नहीं रहा थे अजय राय कि पुलिस उनको पकड़ रही थी, घेर रही थी। कोई भी देश का, कोई भी हिंदू, राम मंदिर के दर्शन के लिए जा रहा हो, उसमें अगर पुलिस हस्तक्षेप करे, सेना हस्तक्षेप करे, तो देश में कैसा शासन है?"
बता दें कि अजय राय मंगलवार को अयोध्या में रामलला के दर्शन करने गए थे, इस दौरान पुलिस ने उन्हें नजरबंद कर दिया था, यह जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी थी।
सांसद सुधाकर सिंह ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 174 रुपये से 183.50 रुपये तक की कटौती किए जाने पर कहा, "सवाल यह है कि रेट की कटौती करें या ना करें। सबसे पहले उपलब्धता तो सुनिश्चित कर दें। यहां तो कॉमर्शियल सिलेंडर बाजार में उपलब्ध है ही नहीं। आप उसका रेट घटा दें या बढ़ा दें, क्या फर्क पड़ता है?"
राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के महंगाई वाले बयान पर सुधाकर सिंह ने कहा, "उन्होंने बहुत अच्छी बात कही। यह इस राज्य का मुद्दा बेरोजगारी, पलायन, गरीबी, अशिक्षा, भ्रष्टाचार है, ये तमाम सवाल राज्य के सवाल हैं और उस पर सरकार का कोई रिस्पॉन्स नहीं है।"
बता दें कि पिछले दिनों राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने बढ़ती महंगाई को लेकर एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण आम लोगों के लिए घर-गृहस्थी चलाना मुश्किल हो गया है। इसके बावजूद सत्ता में बैठे लोग भ्रष्टाचार और लूट में व्यस्त हैं।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम
