राइट्स लिमिटेड भर्ती 2026: सीनियर मैनेजर सहित कई पदों के लिए 8 अक्टूबर तक करें आवेदन
नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। रेल इंडिया तकनीकी और आर्थिक सेवा (राइट्स), लिमिटेड में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। राइट्स लिमिटेड ने इंजीनियरिंग पेशेवरों की नियमित आधार पर भर्ती के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।
राइट्स लिमिटेड की ओर से जारी रिक्तियों में सीनियर मैनेजर (पोर्ट्स और वॉटरवेज) का 1, असिस्टेंट मैनेजर (पोर्ट्स और वॉटरवेज) के 2 और असिस्टेंट मैनेजर (कोस्टल मॉडलिंग) के 2 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 16 सितंबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर तक तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार राइट्स लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पद से संबंधित विषय के अनुसार इंजीनियरिंग में फुल-टाइम बैचलर डिग्री और मास्टर डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में पद के अनुसार निर्धारित 2 से 8 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु सीनियर मैनेजर पद के लिए 38 वर्ष और असिस्टेंट मैनेजर के लिए 32 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा, दस्तावेजों की जांच-पड़ताल, इंटरव्यू और चिकित्सा परीक्षण के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी सीनियर मैनेजर पद के लिए 60,000 से 1,80,000 रुपए के बीच और असिस्टेंट मैनेजर के लिए 40,000 से 1,40,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे। वहीं, लिखित परीक्षा 25 अक्टूबर को आयोजित होने की संभावना है।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी के लिए 600 रुपए और ईडब्ल्यूएस/एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी के लिए 300 रुपए तय किया गया है।
--आईएएनएस
डीके/पीएम
