Aapka Rajasthan

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 प्रतिशत काम पूरा, 2029 तक कर्णप्रयाग पहुंचेगी ट्रेन

ऋषिकेश, 16 जून (आईएएनएस)। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट का 75 प्रतिशत से ज्यादा काम पूरा हो चुका है। उम्मीद है कि ट्रेन सेवाएं जून 2028 तक ब्यासी और दिसंबर 2029 तक कर्णप्रयाग तक पहुंच जाएंगी। इस संबंध में रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) के उप महाप्रबंधक ने मंगलवार को जानकारी दी।
 
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 प्रतिशत काम पूरा, 2029 तक कर्णप्रयाग पहुंचेगी ट्रेन

ऋषिकेश, 16 जून (आईएएनएस)। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट का 75 प्रतिशत से ज्‍यादा काम पूरा हो चुका है। उम्मीद है कि ट्रेन सेवाएं जून 2028 तक ब्यासी और दिसंबर 2029 तक कर्णप्रयाग तक पहुंच जाएंगी। इस संबंध में रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) के उप महाप्रबंधक ने मंगलवार को जानकारी दी।

आरवीएनएल के उप महाप्रबंधक ओमप्रकाश मालगुडी ने आईएएनएस को बताया कि रेलवे कर्णप्रयाग परियोजना का काम 75 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है। 213 किलोमीटर में से 206 किलोमीटर सुरंग की खुदाई पूरी हो गई है। वहीं, करीब 150 किलोमीटर से ज्‍यादा की लाइनिंग का काम हो चुका है।

उप महाप्रबंधक मालगुडी ने बताया कि परियोजना पर काम बड़े ही संतोषजनक तरीके से आगे बढ़ रहा है। हम उम्‍मीद करते हैं कि जून 2028 तक ब्‍यासी तक पूरा कर लेंगे और ट्रेन चल जाएगी। इस परियोजना को हम दिसंबर 2029 तक कमीशन कर देंगे। उन्‍होंने कहा कि इस दौरान सबसे ज्‍यादा भूवैज्ञानिक चुनौतियां रही है। उदाहरण के तौर पर अगर बात करें तो टनल नंबर-एक,पांच और 14 जियोलॉजिकल कंडीशन के कारण ही जयादा समय लग रहा है, इसको अभी तक हम ब्रेक थ्रू नहीं कर पाए हैं। संभवत: मार्च 2027 तक हम इसको पूरा कर लेंगे।

उन्होंने बताया कि पीएम मोदी का यह ड्रीम प्रोजेक्‍ट है, इसलिए यहां से लगातार रिपोर्ट जाती रहती है। उनकी मॉनीटरिंग की वजह से हमारा प्रदेश भी सकारात्‍मक रूप से काम कर रहा है, जिसकी वजह से हमें सहायता मिली है।

उन्‍होंने कहा कि इस परियोजना के शुरू होने से लोगों को बड़ी संख्‍या में रोजगार मिला है। इस दौरान करीब 10 हजार लोगों ने काम किया है। प्रदेश की बात करे तो करीब 250 हजार स्‍थानीय लोगों को अस्‍थायी रूप से काम मिला है। इस दौरान कई लोगों ने स्किल डेवलपमेंट कर लिया है और उनको कहीं भी रोजगार मिल जाएगा।

उन्होंने बताया कि फिलहाल इस रेल लाइन को कर्णप्रयाग तक ले जाया जा रहा है। फाइनल सर्वे पीपलकोटी तक कर चुके हैं और रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को भेज दिया गया है।

--आईएएनएस

एएसएच/पीएम