आरजी कर मामले की जांच और फैसले से लोग संतुष्ट नहीं : दिलीप घोष
न्यू टाउन, 11 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के न्यू टाउन में राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों को लेकर मंत्री दिलीप घोष ने कई अहम बयान दिए। उन्होंने आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला डॉक्टर के साथ हुई जघन्य घटना, मामले की जांच और अदालत के फैसले पर प्रतिक्रिया दी। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने दक्षिणेश्वर काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर आध्यात्मिक अनुभव साझा किया।
आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पूर्व प्रिंसिपल वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश हुए। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि आरजी कर की घटना को लेकर लोगों के मन में अब भी कई सवाल हैं। लोग मामले की जांच और आए फैसले से संतुष्ट नहीं हैं। पीड़िता का परिवार भी जांच और फैसले से खुश नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इस मामले की जांच से जुड़ी फाइल दोबारा खोल दी है और फिलहाल इस पर काम चल रहा है। मामले में आगे जो भी आवश्यक कदम होंगे, वे अदालत और पुलिस की प्रक्रिया के तहत उठाए जाएंगे।
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब में बाबरी मस्जिद के मुद्दे का जिक्र होने को लेकर दिलीप घोष ने कहा कि यह मुद्दा अब लगभग समाप्त हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के मुद्दों को राजनीतिक और चुनावी एजेंडे के तहत उठाया जाता है।
उन्होंने सोनिया गांधी की किताब को राजनीतिक किताब बताते हुए कहा कि केवल किताब लिखने से कांग्रेस दोबारा खड़ी नहीं हो जाएगी और न ही पार्टी सत्ता में वापस आ पाएगी। उन्होंने गांधी परिवार की पृष्ठभूमि, उनके परिवार के इतिहास और आजीविका से जुड़े पहलुओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन विषयों पर भी किताब में जानकारी दी जानी चाहिए थी।
एक अन्य बयान में घोष ने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में स्वतंत्रता सेनानियों, भारतीय सेना और गांधी परिवार से बाहर के देश के महान नेताओं के योगदान को पर्याप्त महत्व नहीं दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति हमेशा गांधी परिवार और पार्टी के इर्द-गिर्द ही घूमती रही है।
वहीं, केंद्रीय राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर ने दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंचकर मां काली के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि जब भी वह यहां आते हैं, मां शारदा और रामकृष्ण परमहंस का आशीर्वाद अवश्य लेते हैं। उन्होंने बताया कि वह 'खेत बचाओ आंदोलन' के सिलसिले में आए थे और इसी दौरान उन्हें मंदिर में पूजा-अर्चना करने का अवसर मिला। उन्होंने मंदिर के वातावरण और कर्मचारियों के व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें बेहद अच्छा लगा और मन को शांति मिली।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम
