एयरलाइंस के लिए राहत, तेल कंपनियों ने एटीएफ के दाम करीब 5 रुपए प्रति लीटर घटाए
नई दिल्ली, 1 जुलाई (आईएएनएस)। सरकारी तेल वितरक कंपनियों (ओएमसी) ने बुधवार से एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमत को 5 रुपए प्रति लीटर कम कर दिया है। इसकी वजह पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में कमी आना है।
ताजा नोटिफिकेशन के मुताबिक, दिल्ली में एटीएफ की कीमत घटकर लगभग 110 रुपए प्रति लीटर हो गई है, जो 1 जुलाई से लागू होगी।
कीमतों में हालिया कटौती से घरेलू एयरलाइंस की ऑपरेटिंग लागत कम होने की उम्मीद है, हालांकि असल फायदा इस बात पर निर्भर करेगा कि हर एयरलाइन ईंधन कैसे खरीदती है और हेजिंग की क्या रणनीति अपनाती है।
अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध को लेकर शांति वार्ता होने से मध्य पूर्व क्षेत्र में तनाव कम हो गया है। इससे कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट देखी गई है। इससे ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 73.21 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड फ्यूचर्स का दाम घटकर 70 डॉलर प्रति बैरल के नीचे 69.73 डॉलर प्रति बैरल पर गया है।
इसके अतिरिक्त, केंद्र सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात पर विंडफॉल टैक्स में संशोधन किया है। इसके तहत पेट्रोल पर शुल्क को बढ़ाया गया है। वहीं, डीजल और एटीएफ पर शुल्क कटौती की गई है।
अब पेट्रोल के निर्यात पर विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क (एसएईडी) बढ़कर 4 रुपए प्रति लीटर हो गया है, जो कि पहले 1.5 रुपए प्रति लीटर था।
इसी अवधि के दौरान, डीजल के निर्यात पर शुल्क को घटाकर 8.5 रुपए प्रति लीटर कर दिया गया है, जो कि पहले 14 रुपए प्रति लीटर था। एटीएफ निर्यात पर शुल्क को घटाकर 7.5 रुपए प्रति लीटर कर दिया गया है, जो कि पहले 12.5 रुपए प्रति लीटर था। हालांकि, घरेलू स्तर पर आपूर्ति किए जाने वाले पेट्रोल और डीजल के उत्पाद शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
--आईएएनएस
एबीएस
