रिलायंस एडीए ग्रुप मामलों में सीबीआई की कार्रवाई, आरसीएफएल और आरएचएफएल के पूर्व सीईओ गिरफ्तार
नई दिल्ली, 22 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रिलायंस एडीए ग्रुप से जुड़े मामलों की चल रही जांच के सिलसिले में रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (आरसीएफएल) के पूर्व डायरेक्टर और सीईओ देवांग मोदी और रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (आरएचएफएल) के पूर्व एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और सीईओ रवींद्र सुधालकर को गिरफ्तार किया।
सीबीआई जांच में पता चला कि आरसीएफएल मामले में आरोपियों ने 13 पब्लिक सेक्टर बैंकों (पीएसबी) को 4,097 करोड़ रुपए का नुकसान पहुंचाया, जबकि आरएचएफएल मामले में 10 आरएचएफएल को 3,526 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।
जांच में यह भी पता चला है कि देवांग मोदी, जिन्होंने अप्रैल 2017 से दिसंबर 2018 तक आरसीएफएल के सीईओ के तौर पर काम किया, वे कंपनी के कामकाज को संभालने के लिए मुख्य फैसला लेने वाले अधिकारी थे। उन्होंने बिचौलिया और माध्यम कंपनियों को लोन मंजूर किए, जबकि उन्हें पता था कि इस तरह से लोन देना आरबीआई की गाइडलाइंस और पब्लिक सेक्टर बैंकों से लोन लेने की मंजूरी की शर्तों के खिलाफ था।
जांच में पता चला है कि रवींद्र सुधालकर ने 1 अक्टूबर 2016 से 31 मार्च 2022 तक आरएचएफएल के ईडी और सीईओ के तौर पर काम किया। वह भी आरएचएफएल के कामकाज को संभालने के लिए मुख्य फैसला लेने वाले अधिकारी थे। उन्होंने भी बिचौलिया और माध्यम कंपनियों को लोन मंजूर किए, जबकि ऐसा लोन देना कंपनी की लोन देने की नीतियों, एनएचबी/आरबीआई की गाइडलाइंस और पब्लिक सेक्टर बैंकों से लोन लेने की शर्तों के खिलाफ था।
जांच में पता चला कि आरोपियों ने आरसीएफएल और आरएचएफएल द्वारा लिए गए लोन के पैसे को रिलायंस एडीए ग्रुप की कंपनियों—जैसे रिलायंस कैपिटल लिमिटेड, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड और रिलायंस पावर लिमिटेड में डायवर्ट कर दिया। इससे लोन देने वाले बैंकों को कुल मिलाकर 7,623 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ और उन्हें और उनसे जुड़ी संस्थाओं को उतना ही गलत फायदा हुआ।
बता दें कि सीबीआई ने अलग-अलग पब्लिक सेक्टर बैंकों और एलआईसी से मिली शिकायतों के आधार पर रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (आरकॉम), रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (आरएचएफएल), रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (आरसीएफएल) और रिलायंस टेलीकॉम लिमिटेड (आरटीएल) के खिलाफ सात एफआईआर दर्ज की हैं। इन मामलों की जांच चल रही है और सुप्रीम कोर्ट इस जांच की निगरानी कर रहा है।
सीबीआई ने रिलायंस एडीए ग्रुप से जुड़े मामलों में अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसी के साथ सीबीआई ने आरकॉम मामले में 29 मई को 16 आरोपियों के खिलाफ अपनी पहली चार्जशीट दाखिल की थी। इनमें कंपनी आरकॉम के पांच सीनियर एग्जीक्यूटिव और दस बैंक अधिकारी शामिल थे।
सीबीआई ने अब तक रिलायंस एडीए ग्रुप से जुड़े मामलों में जिन 5 लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें देवांग मोदी और रवींद्र सुधालकर शामिल हैं। व
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी
