रिलीज से पहले ही दिखा 'धुरंधर 2' का धमाल, किसी ने 6 तो किसी ने बुक किए 10 टिकट
नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। आदित्य धर के निर्देशन में बनी स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि 18 मार्च को प्रीमियर शो होंगे। रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग में धमाल मचा हुआ है। कई दर्शकों ने प्रीमियर और पहले दिन के लिए 5-6 से लेकर 10-10 टिकट खरीद लिए हैं।
इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि ‘धुरंधर 2’ ओपनिंग डे पर बॉलीवुड की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन सकती है। फिल्म के प्रति इस जुनून की एक झलक अभिनेता राकेश बेदी ने दिल्ली एयरपोर्ट पर दिखाई। राकेश बेदी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट पर कई लोगों से मुलाकात हुई, जो पहले से ही ‘धुरंधर 2’ के टिकट बुक करवा चुके हैं।
वीडियो में राकेश बेदी ‘हाय चाय विद राकेश बेदी’ के अंदाज में लोगों से बात करते नजर आए। उन्होंने कहा, “कई लोग मिले जिन्होंने एडवांस टिकट करवा रखे हैं। किसी ने छह, किसी ने आठ, किसी ने दस टिकट बुक कराए हैं। अभी एक शख्स मिले, जिन्होंने 19 मार्च के लिए दस टिकट बुक कराए हैं।”
वहीं, वीडियो में एक फैन सिद्धार्थ शाह ने बताया कि उन्होंने भी दस टिकट बुक कराए हैं। राकेश बेदी ने उनसे पूछा, “कितने टिकट? प्रीव्यू (18 मार्च) या रिलीज (19 मार्च)?” सिद्धार्थ ने जवाब दिया कि वह 19 मार्च को फिल्म देखेंगे। राकेश बेदी ने खुशी जताते हुए कहा, “ओह माय गॉड। क्या बात है, दस टिकट। ऑल द बेस्ट। मुझे लगता है फिल्म को शानदार शुरुआत मिलेगी। पहली ‘धुरंधर’ का धमाल तो अभी तक मिल ही रहा है और इस समय 'धुरंधर 2' फिल्म को लेकर भी जोश हाई है।”
‘धुरंधर 2’ में एक्शन, थ्रिलर और इमोशनल कहानी का मिश्रण है। पहले पार्ट की सफलता के बाद सीक्वल से दर्शकों की उम्मीदें बहुत ऊंची हैं। एडवांस बुकिंग के आंकड़े बताते हैं कि प्रीमियर शो और पहले दिन की स्क्रीनिंग तेजी से भर रही हैं। फिल्म इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि अगर यह ट्रेंड जारी रहा तो ‘धुरंधर 2’ न सिर्फ ओपनिंग डे पर रिकॉर्ड तोड़ेगी, बल्कि बॉलीवुड के बड़े बजट की एक्शन फिल्मों की सूची में अपना नाम दर्ज कराएगी।
--आईएएनएस
एमटी/एबीएम
