Aapka Rajasthan

चंदौली में रील बनाने को लेकर डांट के बाद घर से निकली किशोरी का नहर में मिला शव

चंदौली, 8 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब अलीनगर थाना क्षेत्र की आलू मिल नई बस्ती, वार्ड नंबर-3 स्थित खोजना नहर में एक 15 वर्षीय किशोरी का शव मिला।
 

चंदौली, 8 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब अलीनगर थाना क्षेत्र की आलू मिल नई बस्ती, वार्ड नंबर-3 स्थित खोजना नहर में एक 15 वर्षीय किशोरी का शव मिला।

जानकारी के अनुसार सुबह नहर में शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस और पीडीडीयू नगर के क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की। कुछ देर बाद मृतका की पहचान खुशबू (15) पुत्री के रूप में हुई। जांच के दौरान पता चला कि किशोरी पड़री थाना क्षेत्र के लेवा रोड की रहने वाली थी और इन दिनों अपने ननिहाल कौवाघाट, थाना अदलहाट क्षेत्र में गई हुई थी। उसके लापता होने के संबंध में थाना अदलहाट में पहले से गुमशुदगी दर्ज थी।

पीडीडीयू नगर के क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोरी को रील बनाने को लेकर परिजनों ने डांटा था। इसी बात से नाराज होकर वह घर से निकल गई थी। पुलिस आशंका जता रही है कि इसके बाद किशोरी ने खोजना नहर में छलांग लगा दी होगी, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम