आरसीएफएल में असिस्टेंट ऑफिसर के कई पदों पर भर्ती शुरू, 26 सितंबर तक करें आवेदन
मुंबई, 10 सितंबर (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, राष्ट्रीय केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (आरसीएफएल) ने असिस्टेंट ऑफिसर (सेक्रेटेरियल)-ई0 ग्रेड के कुल 10 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।
आरसीएफएल की ओर से असिस्टेंट ऑफिसर (सेक्रेटेरियल)-ई0 ग्रेड पोस्ट के लिए जारी 10 रिक्तियों में जनरल के 6, एससी का 1, ओबीसी (एनसीएल) के 2 और ईडब्ल्यूएस का 1 पद शामिल हैं। इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 10 सितंबर के सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 26 सितंबर तक तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आरसीएफएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि की शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ किसी भी विषय में तीन वर्ष का रेगुलर और फुल-टाइम ग्रेजुएट कोर्स, किसी भी विषय में दो वर्ष का रेगुलर और फुल-टाइम पोस्ट-ग्रेजुएट कोर्स, एक्जीक्यूटिव असिस्टेंट/एक्जीक्यूटिव पर्सनल असिस्टेंट/ऑफिस मैनेजमेंट और सेक्रेटेरियल प्रैक्टिस/मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट/स्टेनोग्राफी कोर्स या इसके समकक्ष में 1 वर्ष का डिप्लोमा और पोस्ट-ग्रेजुएशन के बाद प्रासंगिक क्षेत्र में कम से कम 4 वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है।
आवेदकों की अधिकतम आयु 32 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, ऑनलाइन टेस्ट, स्किल टेस्ट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 30,000 से 1,20,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी (एनसीएल)/ईडब्ल्यूएस के लिए 1,000 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/महिला/विभागीय उम्मीदवार और पूर्व-सैनिक को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी
