आरसीएफएल भर्ती 2026: सीनियर इंजीनियर समेत 32 पदों पर नौकरी के अवसर, 27 जून से शुरू होंगे आवेदन
मुंबई, 25 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (आरसीएफएल) ने सीनियर इंजीनियर सहित विभिन्न 32 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।
आरसीएफएल की ओर से जारी 32 रिक्तियों में ऑफिसर (वित्त) के 5, ऑफिसर (मानव संसाधन) का 1, ऑफिसर (चिकित्सा) के 2, सीनियर मैनेजर (सीसी लैब) का 1, ऑफिसर (कानूनी) का 1, असिस्टेंट इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) के 5, इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) के 5, सीनियर इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) के 5, डिप्टी मैनेजर (इलेक्ट्रिकल) के 3, इंजीनियर (सिविल) के 2 और सीनियर इंजीनियर (सिविल) के 2 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 27 जून के सुबह 8 बजे से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आरसीएफएल के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि के शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से सीए/सीएमए; कॉमर्स, अकाउंटिंग/फाइनेंस विषय में रेगुलर और फुल-टाइम ग्रेजुएशन डिग्री (बीकॉम, बीएमएस, बीएएफ, बीबीए); दो वर्ष की रेगुलर और फुल-टाइम पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री या डिप्लोमा एमबीए/एमएमएस (फाइनेंस में स्पेशलाइज़ेशन के साथ); पीजीडीएम/पीजीडीबीएम; एमबीबीएस; केमिस्ट्री में पीएचडी; बीई/बीटेक; कानून में डिग्री या लॉ ग्रेजुएट; इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग या टेक्नोलॉजी की संबंधित शाखाओं में 3 वर्ष का फुल-टाइम और रेगुलर डिप्लोमा आदि होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में पद के अनुसार निर्धारित 2 से 17 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पद के अनुसार 34 से 52 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 1 मार्च के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू/स्किल टेस्ट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, मेडिकल जांच, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 30,000 से 2,20,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी (एनसीएल)/ईडब्ल्यूएस के लिए 1,000 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/एक्सएसएम और महिला उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम
