Aapka Rajasthan

आरसीबी बनाम एसआरएच: पहले मैच में अभिषेक शर्मा फ्लॉप, ट्रेविस हेड ने भी किया निराश

बेंगलुरु, 28 मार्च (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला शनिवार को एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच खेला जा रहा है। एसआरएच के दोनों सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड पहले मुकाबले में बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके।
 
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड से धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद थी, हालांकि दोनों ही बल्लेबाजों का बल्ला पूरी तरह से खामोश रहा। अभिषेक बुरी तरह से संघर्ष करते नजर आए और 8 गेंदों का सामना करने के बाद महज 7 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, ट्रेविस हेड ने भी अपने प्रदर्शन से निराश किया और वह 9 गेंदों में 2 चौके की मदद से 11 रन बनाकर आउट हुए।

हेड का बल्ला पिछले सीजन भी खामोश रहा था और वह कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे। अभिषेक की हालिया फॉर्म कोई बहुत अच्छी नहीं रही है। हाल ही में खत्म हुए टी20 विश्व कप 2026 में अभिषेक रनों के लिए जूझते नजर आए थे और 8 मुकाबलों में सिर्फ 141 रन ही बना सके थे। नीतीश कुमार रेड्डी को नंबर चार पर प्रमोट किया गया, लेकिन वह 6 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ एक रन ही बना सके।

आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी आरसीबी की ओर से आईपीएल में अपना डेब्यू कर रहे हैं। डफी को आरसीबी ने ऑक्शन में 2 करोड़ रुपए में खरीदा है। वहीं, अभिनंदन सिंह भी इंडियन प्रीमियर लीग में अपना पहला मैच खेलने उतरे हैं।

आरसीबी ने पिछले सीजन 18 साल का सूखा खत्म करते हुए आईपीएल 2025 के खिताब पर कब्जा जमाया था। रजत की कप्तानी में आरसीबी का प्रदर्शन दमदार रहा था। टीम ने फाइनल मुकाबले में पंजाब किंग्स को शिकस्त दी थी। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद प्लेऑफ का टिकट हासिल करने में नाकाम रही थी।

--आईएएनएस

एसएम/वीसी