Aapka Rajasthan

आरसीए एड-हॉक पैनल को 10वीं बार मिला कार्य विस्तार, राज्य सरकार ने दी मंजूरी

जयपुर, 27 जून (आईएएनएस)। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) का कार्यकाल राज्य सरकार ने तीन महीने और बढ़ा दिया है। एसोसिएशन अगले तीन महीने एक एड-हॉक कमेटी के तहत काम करता रहेगा। पहली बार 2024 में हुई नियुक्ति के बाद बोर्ड के इस पैनल का कार्यकाल 10वीं बार बढ़ाया गया है।
 

जयपुर, 27 जून (आईएएनएस)। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) का कार्यकाल राज्य सरकार ने तीन महीने और बढ़ा दिया है। एसोसिएशन अगले तीन महीने एक एड-हॉक कमेटी के तहत काम करता रहेगा। पहली बार 2024 में हुई नियुक्ति के बाद बोर्ड के इस पैनल का कार्यकाल 10वीं बार बढ़ाया गया है।

आरसीए के कार्य विस्तार को कोऑपरेटिव सोसाइटीज के रजिस्ट्रार डॉ. समित शर्मा ने मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि यह फैसला राज्य की क्रिकेट बॉडी के कामकाज में कानूनी रुकावट से बचने के लिए लिया गया था। कमेटी को अगले तीन महीनों में चुनाव प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है।

मार्च 2024 में पिछली आरसीए कमेटी को हटाए जाने के बाद मौजूदा पैनल का गठन एड-हॉक आधार पर सिर्फ तीन महीने के लिए किया गया था। चुनावों के लगातार टलने की वजह से एड-हॉक कमेटी का कार्यकाल बढ़ता रहा है।

कमेटी द्वारा 24 जून को सरकार को सौंपे गए एक पत्र के अनुसार, "पिछली आरसीए कमेटी के वित्तीय और प्रशासनिक कामकाज की जांच अभी भी चल रही है। इस वजह से चुनाव नहीं हो सके हैं। कमेटी ने कई जिला क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े अनसुलझे विवादों का भी जिक्र किया और कहा कि आरसीए के नियमों के मुताबिक स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने से पहले इन मामलों को सुलझाना जरूरी है।"

पैनल ने सरकार को यह भी बताया कि चल रहे घरेलू क्रिकेट सीजन और दूसरी जरूरी प्रशासनिक वजहों से भी चुनाव कराने में देरी हुई।

सरकार ने मौजूदा कमेटी को बनाए रखा है। इसके संयोजक मोहित यादव हैं। दूसरे सदस्यों में धनंजय सिंह, आशीष तिवारी, सुशील जैन, अरिष्ट सिंघवी और अर्जुन बेनीवाल शामिल हैं। कमेटी की बनावट ने अक्सर राजनीतिक ध्यान खींचा है। इसके कई सदस्य जाने-माने राजनीतिक परिवारों से हैं।

मोहित यादव भाजपा विधायक जसवंत यादव के बेटे हैं। धनंजय सिंह, स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह के बेटे हैं, आशीष तिवारी भाजपा सांसद घनश्याम तिवारी के बेटे हैं। अरिष्ट सिंघवी, पूर्व मंत्री चंद्र राज सिंघवी के पोते हैं, जबकि अर्जुन बेनीवाल भद्रा विधायक संजीव बेनीवाल के बेटे हैं।

देखना होगा कि मौजूदा पैनल को नया कार्य विस्तार मिलने के बाद आरसीए चुनाव सितंबर 2026 तक होते हैं, या राजस्थान क्रिकेट अंतरिम प्रशासन के तहत ही चलेगा।

--आईएएनएस

पीएके