आरबीआई में 65 वर्ष तक के उम्मीदवारों के लिए नौकरी का मौका, कंसल्टेंट साइट इंजीनियर पदों पर भर्ती शुरू
नई दिल्ली, 30 जून (आईएएनएस)। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) में नौकरी करने के इच्छुक लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। आरबीआई ने कंसल्टेंट साइट इंजीनियरों को फुल-टाइम कॉन्ट्रैक्ट आधार पर नियुक्त करने के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर 8 पदों के लिए आवेदन मांगे हैं।
आरबीआई की ओर से जारी रिक्तियों में सलाहकार साइट इंजीनियर (सिविल) लेवल- 2 (ग्रेड 'बी') का 1, सलाहकार साइट इंजीनियर (सिविल) लेवल - 3 (ग्रेड 'सी') के 6 और सलाहकार साइट इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) - लेवल - 3 (ग्रेड 'सी') का 1 पद शामिल है।
सलाहकार साइट इंजीनियर के इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 29 जून से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 20 जून तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं। वे आरबीआई के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि के शाम 6 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पद के अनुसार सिविल/इलेक्ट्रिकल स्ट्रीम में बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी (बीटेक) या इसके बराबर की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास इमारतों के कंस्ट्रक्शन और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट में कम से कम 15 वर्ष का अनुभव होना जरूरी है। इसमें से कम से कम 5 वर्ष का अनुभव सीपीडब्ल्यूडी, सीपीएसयू या ऐसी ही सरकारी संस्थाओं में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर या उससे ऊपर के पद पर होना चाहिए। साथ ही कैंडिडेट्स के पास सिविल/इलेक्ट्रिकल कार्यों का व्यापक अनुभव भी होना चाहिए। वहीं संबंधित विषय (सिविल/इलेक्ट्रिकल) में मास्टर ऑफ टेक्नोलॉजी (एमटेक) या इसके बराबर की डिग्री वाले को प्राथमिकता दी जाएगी।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 40 वर्ष और अधिकतम आयु 65 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जून के आधार पर की जाएगी। योग्य अभ्यर्थियों का चयन प्रारंभिक जांच/शॉर्टलिस्टिंग, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, इंटरव्यू और अंतिम मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी लेवल- 2 पद के लिए 2,40,000 से 3,40,000 रुपए और लेवल-3 पद के लिए 3,10,000 से 4,10,000 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ, भत्ते और सुविधाएं दिए जाएंगे।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 600 रुपए के साथ जीएसटी, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी के लिए 100 रुपए के साथ जीएसटी तय किया गया है। वहीं आरबीआई के स्टाफ को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है। इस भर्ती का शुरुआती कार्यकाल तीन वर्ष का होगा, जिसे आपसी सहमति से दो और वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है।
--आईएएनएस
डीके/वीसी
