Aapka Rajasthan

बिहार: रक्सौल में पाकिस्तानी एजेंट से जुड़े नेटवर्क का खुलासा, व्हाट्सऐप ओटीपी भेजने के आरोप में दो गिरफ्तार

मोतिहारी, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल थाना क्षेत्र में पाकिस्तानी एजेंट से जुड़े नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य पांडेय और राजा कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मोबाइल फोन की जांच में पाकिस्तानी एजेंट को ओटीपी उपलब्ध कराने और इसके बदले रुपए का भुगतान किए जाने से संबंधित साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है।
 
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश की विजयवाड़ा पुलिस ने एक मामले के अनुसंधान के दौरान रक्सौल थाना को इस नेटवर्क के संबंध में सूचना दी थी। सूचना में बताया गया था कि रक्सौल बाजार से कुछ लोग भारतीय मोबाइल नंबरों पर व्हाट्सऐप अकाउंट बनाने के लिए आने वाले ओटीपी पाकिस्तानी एजेंटों को भेज रहे हैं। इसके बदले संबंधित लोगों को मोटी रकम उपलब्ध कराई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तानी एजेंट इन ओटीपी का इस्तेमाल कर भारतीय मोबाइल नंबरों पर व्हाट्सऐप अकाउंट बनाते थे। इन अकाउंट का उपयोग भारत-विरोधी जासूसी गतिविधियों में किए जाने की आशंका जताई गई है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए रक्सौल पुलिस और विजयवाड़ा पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी दल का गठन किया।

पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि संयुक्त टीम ने रक्सौल थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान दो संदिग्धों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर उनसे पूछताछ की गई और उनके मोबाइल फोन की तलाशी ली गई। जांच के क्रम में दोनों मोबाइल फोन से पाकिस्तानी एजेंट को भेजे गए ओटीपी से संबंधित डेटा मिलने की जानकारी दी गई है। साथ ही, ओटीपी उपलब्ध कराने के बदले दोनों आरोपियों को रुपए का भुगतान किए जाने के साक्ष्य भी मिलने की बात कही गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में आदित्य पांडेय पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल थाना क्षेत्र के नागा रोड का निवासी है, जबकि राजा कुमार मधुबनी जिले के हरलाखी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वह फिलहाल रक्सौल थाना क्षेत्र के नोनियाडीह में रह रहा था। इस कार्रवाई में रक्सौल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष कुमार आनंद और रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो शामिल थे।

इस मामले में आगे की कार्रवाई विजयवाड़ा पुलिस कर रही है। जांच के दौरान नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और कथित जासूसी गतिविधियों के संबंध में और जानकारी सामने आने की संभावना है।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी