रवि के. चंद्रन ने शेयर की 'दिल चाहता है' की यादें, बोले- कल्ट क्लासिक बन जाएगी पता नहीं था
मुंबई, 10 अगस्त (आईएएनएस)। फरहान अख्तर द्वारा लिखित और निर्देशित हिंदी फिल्म 'दिल चाहता है' अपनी रिलीज के 25 साल पूरे कर लिए है। इस मौके पर फिल्म के सिनेमैटोग्राफर रवि.के चंद्रन ने फिल्म से जुड़े पुरानी यादों को शेयर किया।
रवि के. चंद्रन ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर शेयर किया। इसमें फिल्म के मुख्य कलाकार प्रीति जिंटा, अक्षय खन्ना, सैफ अली खान और आमिर खान समेत कई कलाकार नजर आ रहे हैं।
रवि के. चंद्रन ने पोस्ट किया, "फिल्म दिल चाहता है ने 25 साल पूरे कर लिए हैं। कुछ फिल्में आपके करियर में माइलस्टोन बन जाती हैं। कुछ आपकी जिंदगी में माइलस्टोन बन जाती हैं। दिल चाहता है मेरे लिए दोनों थी। एक सिनेमैटोग्राफर के तौर पर मेरे सफर में यह एक बहुत बड़ा टर्निंग पॉइंट था। इस फिल्म को बनाते वक्त मेरे लिए सिंक साउंड, गैफर और ग्रिप सिस्टम के साथ मेरा पहला अनुभव, और फिल्म बनाने के इतने सारे नए तरीके सब कुछ नया था।"
सिनेमैटोग्राफर ने लिखा, "यह एक ऐसी फिल्म थी जिसमें हम सब मिलकर कुछ खोज रहे थे। हमें क्या पता था कि यह सफर आखिरकार एक कल्ट क्लासिक बन जाएगा और हिंदी सिनेमा की भाषा और लुक को फिर से परिभाषित करेगा। मैं हमेशा फरहान अख्तर का आभारी रहूंगा कि उन्होंने मुझ पर भरोसा किया और अपनी पहली फिल्म के लिए मुझे डीओपी के तौर पर चुना और रितेश सिधवानी और एक्सेल एंटरटेनमेंट का भी आभारी रहूंगा कि उन्होंने मुझे इतनी खास चीज का हिस्सा बनने का मौका दिया।"
सिनेमैटोग्राफर ने बताया कि फिल्म के इतने सालों के बाद भी खास जगह रखती है। उन्होंने लिखा, "25 साल बाद भी, 'दिल चाहता है' आज भी मेरे दिल में एक बहुत खास जगह रखती है। मैं शुक्रगुजार हूं कि मैं वहां था जब हिंदी सिनेमा का एक नया चैप्टर लिखा जा रहा था।"
निर्देशक-लेखक फरहान अख्तर और उनकी बहन जोया अख्तर ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फिल्म के रिलीज के 25 साल पूरे होने की खुशी जाहिर की।
साल 2001 में आई 'दिल चाहता है' फरहान अख्तर द्वारा लिखित और निर्देशित पहली हिंदी फिल्म थी। आमिर खान, सैफ अली खान और अक्षय खन्ना अभिनीत यह फिल्म तीन कॉलेज दोस्तों की आधुनिक दोस्ती, प्रेम संबंधों और गोवा ट्रिप की कहानी पर आधारित एक कल्ट क्लासिक है। शंकर-एहसान-लॉय की तिकड़ी ने इसका लोकप्रिय संगीत तैयार किया था और जावेद अख्तर ने इसके गीत लिखे थे।
बताया जाता है कि यह फरहान अख्तर की बतौर निर्देशक पहली फिल्म थी, जिसकी कहानी उनके लॉस एंजिल्स के सफर पर आधारित थी। आमिर खान की 'मक्खी दाढ़ी' और फिल्म के अन्य किरदारों के हेयर स्टाइल ने उस समय के युवाओं के बीच नया फैशन ट्रेंड सेट किया था।
--आईएएनएस
एनएस/वीसी
