राष्ट्रपति मुर्मु के जन्मदिन पर पहाड़पुर पहुंचेगे पीएम मोदी, मयूरभंज बनेगा ऐतिहासिक क्षण का साक्षी
मयूरभंज, 18 जून (आईएएनएस)। ओडिशा के मयूरभंज जिले के लिए 19 और 20 जून का दिन इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में दर्ज होने जा रहा है। पहली बार देश के दो सर्वोच्च संवैधानिक पदों पर आसीन नेता, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, एक साथ जिले का दौरा करेंगे। राष्ट्रपति के गृह जनपद और उनके पैतृक गांव पहाड़पुर में इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने जन्मदिन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने पैतृक गांव पहाड़पुर आने का निमंत्रण दिया था। प्रधानमंत्री ने इस आमंत्रण को स्वीकार करते हुए 20 जून को पहाड़पुर पहुंचने का कार्यक्रम तय किया है। इस घोषणा के बाद से पूरे मयूरभंज, विशेषकर रायरंगपुर और पहाड़पुर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया है। गांव के लोग, जिन्होंने द्रौपदी मुर्मु को बचपन से देखा है, अपनी 'माटी की बेटी' के साथ-साथ पहली बार प्रधानमंत्री मोदी को इतने करीब से देखने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। प्रशासनिक तैयारियों के साथ-साथ गांव को भी विशेष रूप से सजाया जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति मुर्मु 19 जून को दोपहर 3:15 बजे डंडबोस एयरस्ट्रिप पहुंचेंगी। वहां से सड़क मार्ग से रायरंगपुर स्थित अपने आवास जाएंगी और लगभग 3:30 बजे पहुंचने की संभावना है। शाम 6 बजे वह रायरंगपुर अस्पताल परिसर में एम्स द्वारा आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर का दौरा करेंगी और आम लोगों से संवाद करेंगी। इसके बाद, 20 जून को राष्ट्रपति सुबह 10:30 बजे पहाड़पुर गांव पहुंचेंगी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11:05 बजे गांव पहुंचेंगे, जहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री संयुक्त रूप से गांव के आराध्य स्थल गोसानी पीठ, संथाली जाहिरा तथा हो-मुंडा जाहिरा जैसे पवित्र स्थलों का दर्शन करेंगे। इसके बाद सुबह 11:25 बजे दोनों नेता स्किल डेवलपमेंट सेंटर का दौरा कर वहां प्रशिक्षित और सफल युवाओं से बातचीत करेंगे।
दोनों गणमान्य व्यक्ति एसएलएस मेमोरियल स्कूल भी जाएंगे, जहां राष्ट्रपति अपने दिवंगत पति और दोनों पुत्रों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगी। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी भी स्कूल का भ्रमण करेंगे तथा विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे। स्कूल परिसर में आयोजित विशेष क्षेत्रीय हस्तशिल्प मेले का भी प्रधानमंत्री अवलोकन करेंगे।
दोपहर 12:30 बजे राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से डंडबोस एयरस्ट्रिप के लिए रवाना होंगे। यहां आयोजित विशाल जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 50 हजार से अधिक लोगों को संबोधित करने की संभावना है। इस अवसर पर वे जिले की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।
प्रधानमंत्री के लगभग दोपहर 2 बजे रवाना होने के बाद राष्ट्रपति मुर्मु रायरंगपुर स्थित अपने आवास लौटेंगी। दोपहर भोजन के बाद वह शाम 3:30 बजे नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।
इस हाई-प्रोफाइल दौरे को देखते हुए पूरे मयूरभंज जिले को सुरक्षा के लिहाज से किले में तब्दील कर दिया गया है। ओडिशा के पुलिस महानिदेशक स्वयं तैयारियों की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 135 प्लाटून पुलिस बल, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की पांच कंपनियां, दो कमांडेंट और 10 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रशासन का दावा है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी।
भाजपा सांसद नबा चरण माझी ने आईएएनएस को बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 19 जून को और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को दौरा करेंगे। पहाड़पुर में कार्यक्रम तय किए गए हैं, जहां वे स्किल डेवलपमेंट सेंटर और एसएलएस मेमोरियल स्कूल जाएंगे। इसके बाद दोनों गणमान्य व्यक्ति हेलीकॉप्टर से डंडबोस एयरस्ट्रिप पहुंचेंगे, जहां एक विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी।
ओडिशा के शहरी विकास मंत्री कृष्ण चंद्र महापात्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर व्यक्ति के सिर पर छत के विजन को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार तेजी से आवास योजनाओं को लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ-साथ राज्य सरकार ने अंत्योदय गृह योजना शुरू की है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को आवास का लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना के तहत गरीबों को मुफ्त में 5 किलो चावल दिया जाएगा। केंद्र सरकार पहले से 5 किलो अनाज दे रही है और अब राज्य सरकार भी अतिरिक्त 5 किलो उपलब्ध कराएगी।"
महापात्र ने बताया कि शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बड़े स्तर पर काम किया जा रहा है। हर ग्राम पंचायत में स्कूल स्थापित करने की योजना है ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिल सके। साथ ही प्रत्येक पंचायत में आरोग्य मंदिर स्थापित किए जाएंगे, जहां विभिन्न प्रकार की जांच सुविधाएं और दवाएं उपलब्ध होंगी।
भाजपा नेता संजीब मोहंती ने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मु और प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से आदिवासी बहुल क्षेत्रों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। मोहंती ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु लगातार आदिवासी समाज और क्षेत्रों को राष्ट्रीय मंच पर स्थापित करने का प्रयास कर रही हैं। इस ऐतिहासिक दौरे से मयूरभंज और आसपास के आदिवासी इलाकों की संस्कृति, परंपराओं और विकास की संभावनाओं को देशभर में नई पहचान मिलेगी।
--आईएएनएस
पीएसके/डीकेपी
