Aapka Rajasthan

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आज कुरुक्षेत्र दौरा, हीरक जयंती समारोह में होंगी शामिल

नई दिल्ली, 1 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 1 नवंबर को हरियाणा दिवस के अवसर पर कुरुक्षेत्र के दौरे पर हैं। हरियाणा राज्य के गठन के 60वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित 'हीरक जयंती' समारोह और गुरुकुल कुरुक्षेत्र में स्वामी श्रद्धानंद जी के बलिदान के शताब्दी समारोह के अवसर पर आयोजित वार्षिक उत्सव में राष्ट्रपति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
 

नई दिल्ली, 1 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 1 नवंबर को हरियाणा दिवस के अवसर पर कुरुक्षेत्र के दौरे पर हैं। हरियाणा राज्य के गठन के 60वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित 'हीरक जयंती' समारोह और गुरुकुल कुरुक्षेत्र में स्वामी श्रद्धानंद जी के बलिदान के शताब्दी समारोह के अवसर पर आयोजित वार्षिक उत्सव में राष्ट्रपति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

इससे पहले 31 अक्टूबर की देर रात राष्ट्रपति के अंबाला पहुंचने पर हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उनका स्वागत किया।

सीएम नायब सैनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "हरि की पावन धरा हरियाणा में पधारने पर महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन! हरियाणा दिवस के अवसर पर कुरुक्षेत्र में आयोजित होने जा रहे प्रदेश के 60वें स्थापना दिवस समारोह में आपकी गरिमामयी उपस्थिति समस्त हरियाणावासियों के लिए गौरव और हर्ष का विषय है।"

बता दें कि राष्ट्रपति के दौरे की शुरुआत प्राचीन शक्तिपीठ श्री भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ होगी। इसके पश्चात वे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के श्रीमद्भगवद्गीता सदन में आयोजित राज्य स्तरीय हरियाणा दिवस समारोह में शिरकत करेंगी।

यह समारोह हरियाणा के गठन की 60वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रपति हरियाणा की छह दशकों की विकास यात्रा को दर्शाने वाली विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगी।

1966 में हरियाणा के गठन से लेकर अब तक राज्य ने जिन क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, उन्हें इस प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें कृषि और हरित क्रांति, खेल, औद्योगिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, महिला सशक्तीकरण और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत जैसे क्षेत्रों में हरियाणा की प्रगति को दिखाया जाएगा।

राज्य स्तरीय समारोह में समाज के विभिन्न वर्गों से लगभग दो हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इनमें युवा, महिलाएं, जनप्रतिनिधि, किसान, सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, खिलाड़ी, उद्यमी, कलाकार और स्वास्थ्य कर्मी शामिल रहेंगे।

इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुरुकुल कुरुक्षेत्र के 114वें वार्षिकोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगी। इस अवसर पर महान स्वतंत्रता सेनानी और अमर हुतात्मा स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान शताब्दी समारोह का भी आयोजन किया जाएगा।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस