राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री भी चखेंगे बिहार के प्रसिद्ध जर्दालु आम का स्वाद, भेजने की तैयारी शुरू
पटना, 1 जून (आईएएनएस)। बिहार का प्रसिद्ध जर्दालु आम का स्वाद इस साल राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री भी चखेंगे। बिहार सरकार इस बार भागलपुर की प्रसिद्ध जर्दालू आम को देश के सर्वोच्च पदों तक पहुंचाने की तैयारी में जुटी है।
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों और देश-विदेश से आने वाले डेलिगेट्स को यह खास उपहार भेजा जाएगा। पटना के बिहटा स्थित प्रोसेसिंग यूनिट में आमों की विशेष पैकिंग शुरू हो चुकी है। पैकेजिंग के बाद इसे खास लोगों तक भेजा जाएगा। पैकेजिंग कार्य का निरीक्षण करने सोमवार को खुद उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह भी पहुंचीं।
बिहार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि जर्दालू आम केवल एक फल नहीं, बल्कि बिहार की पहचान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की पहल पर इस बार जर्दालू आम को विशेष उपहार के रूप में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथियों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से राज्य से लगभग आठ टन जर्दालू आम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और सभी केंद्रीय मंत्रियों को भेजे जाएंगे।
उन्होंने बिहटा स्थित इनलैंड कंटेनर डिपो का भ्रमण कर वहां संचालित कार्यों एवं सुविधाओं का विस्तृत अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर कंटेनर हैंडलिंग, माल परिवहन तथा निर्यात प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की। भ्रमण के अगले क्रम में मंत्री ने बिहटा औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित इंटीग्रेटेड इर्रैडिएशन सेंटर का निरीक्षण किया।
यहां पैक हाउस, कोल्ड स्टोरेज और आधुनिक प्रसंस्करण सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, जिससे कृषि एवं खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और भंडारण क्षमता में वृद्धि होती है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सेंटर में संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया तथा कर्मचारियों से बातचीत कर इसकी कार्यप्रणाली और कृषि निर्यात में इसकी उपयोगिता की जानकारी ली।
मंत्री ने बताया कि बिहार का यह पहला रेडिएशन सेंटर है, जो नई तकनीक पर बना है। इससे बिहार के किसानों को काफी फायदा हो रहा है। आने वाले दिनों में ऐसा रेडिएशन सेंटर बिहार के विभिन्न जिलों में भी बनाया जाएगा, ताकि एक्सपोर्ट इंपोर्ट करने में समस्या ना हो। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मन की बात में बिहार के प्रसिद्ध जर्दालु आम की चर्चा की थी।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी
