Aapka Rajasthan

राशिद खान इतिहास रचने के करीब, अंतरराष्ट्रीय टी20 में कोई गेंदबाज हासिल नहीं कर सका है ये उपलब्धि

नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के दिग्गज गेंदबाज राशिद खान अंतरराष्ट्रीय टी20 में एक ऐसी उपलब्धि हासिल करने के करीब हैं जिसके आस-पास भी कोई दूसरा गेंदबाज नहीं है। राशिद गुरुवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाले दूसरे टी20 मुकाबले में इतिहास रच सकते हैं।
 

नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के दिग्गज गेंदबाज राशिद खान अंतरराष्ट्रीय टी20 में एक ऐसी उपलब्धि हासिल करने के करीब हैं जिसके आस-पास भी कोई दूसरा गेंदबाज नहीं है। राशिद गुरुवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाले दूसरे टी20 मुकाबले में इतिहास रच सकते हैं।

राशिद खान ने 119 टी20 मैचों में 199 विकेट लिए हैं। वह अंतरराष्ट्रीय टी20 सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ गुरुवार को खेले जाने वाले टी20 मुकाबले में 1 विकेट लेते ही राशिद के 200 अंतरराष्ट्रीय टी20 विकेट हो जाएंगे, और ये उपलब्धि हासिल करने वाले वह दुनिया के पहले गेंदबाज होंगे।

राशिद बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। मंगलवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए पहले टी20 मुकाबले में उन्होंने 4 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट लिए। राशिद ने बल्ले से भी दमदार प्रदर्शन किया और 10 गेंदों पर 30 रन बनाकर टीम को जीत दिलाते हुए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता।

अंतरराष्ट्रीय टी20 में सर्वाधिक विकेट लेने वाले 5 गेंदबाजों की सूची पर नजर डालें तो राशिद 119 मैचों में 199 विकेट लेकर पहले, इंग्लैंड के आदिल राशिद 153 मैचों में 171 विकेट लेकर दूसरे, हांगकांग के एहसान खान 119 मैचों में 165 विकेट लेकर तीसरे, न्यूजीलैंड के ईश सोढ़ी 142 मैचों में 165 विकेट लेकर चौथे, न्यूजीलैंड के ही टिम साउदी 126 मैचों में 164 विकेट लेकर पांचवें स्थान पर हैं।

ओवरऑल टी20 विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में भी राशिद खान पहले स्थान पर हैं। लीग और अंतरराष्ट्रीय टी20 मिलाकर खेले गए कुल 550 मैचों में वह 740 विकेट ले चुके हैं।

भारत की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के नाम है। अर्शदीप सिंह ने 102 मैचों में 149 विकेट लिए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार को होने वाले चौथे टी20 में अर्शदीप के पास अपने 150 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरा करने का मौका है।

--आईएएनएस

पीएके