Aapka Rajasthan

रैपर बादशाह ने 'हसल' के कंटेस्टेंट को बताया परिवार, बोले- सभी की थोड़ी-थोड़ी यादें साथ लेकर जाऊंगा

मुंबई, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। बादशाह ने हाल ही में रैप रियलिटी शो 'हसल 5 - अपना होमग्राउंड' में जज के तौर पर सफर खत्म कर लिया है। बादशाह ने बताया कि शो में जज बनने से पहले वह काफी हिचकिचा रहे थे, क्योंकि उनके दोस्तों और हिप-हॉप कम्युनिटी के कई लोगों को शो में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था।
 

मुंबई, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। बादशाह ने हाल ही में रैप रियलिटी शो 'हसल 5 - अपना होमग्राउंड' में जज के तौर पर सफर खत्म कर लिया है। बादशाह ने बताया कि शो में जज बनने से पहले वह काफी हिचकिचा रहे थे, क्योंकि उनके दोस्तों और हिप-हॉप कम्युनिटी के कई लोगों को शो में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था।

बादशाह ने इंस्टाग्राम पर अपनी कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें शो में जज और कंटेस्टेंट के साथ बिताए गए यादगार पल शामिल हैं।

बादशाह ने इस पोस्ट के जरिए बताया कि शो का हिस्सा बनने से पहले उन्होंने कुछ शर्तें रखी थीं, जिनमें उन्होंने कलाकारों के लिए सही कॉन्ट्रैक्ट और विनर के लिए इतनी बड़ी प्राइज मनी की मांग की थी, जिससे किसी कंटेस्टेंट की जिंदगी बदल सके।

बादशाह ने लिखा, "रैप रियलिटी शो 'हसल 5 - अपना होमग्राउंड' में जज बनने के लिए मेरी तरफ से पहले मना ही थी। क्योंकि पहले बहुत कुछ हो चुका था और मैं अपने दोस्तों, हिप-हॉप कम्युनिटी के साथ जो हुआ था, उसे नजरअंदाज नहीं कर सकता था। हालांकि, टीम की बात सुनने के बाद मुझे युवा कलाकारों के लिए एक अच्छा प्लेटफॉर्म बनाने की उनकी सच्ची लगन दिखी। इसी वजह से मैंने अपना फैसला बदल लिया था।"

उन्होंने आगे लिखा, "क्योंकि टैलेंट को तालियों से ज्यादा मौकों, संसाधनों और ऐसे व्यक्ति की जरूरत होती है जो उस पर भरोसा करे। फिर मैं इन बच्चों से मिला। अजनबी चेहरे धीरे-धीरे जाने-पहचाने बन गए और फिर मुझे इनकी परवाह होने लगी, देखते ही देखते ये सब अब परिवार बन गए। उनका डर मेरी चिंता बन गया, छोटी-छोटी जीत में खुशी मिलने लगी।"

बादशाह ने बताया कि उन्होंने युवा कलाकारों को सिर्फ उन्हीं चीजों से बचाने की कोशिश की, जिससे बचा सकते थे। उन्होंने कहा, "मैं जानता था कि वे पहले से ही अपने कंधों पर कितना कुछ लेकर चल रहे हैं और इसी क्रम में पता ही नहीं चला कि हम कब फिनाले तक पहुंच गए। जिंदगी अजीब है, कभी-कभी यह एक ऐसा दरवाजा खोल देती है, जिससे आप गुजरना भी नहीं चाहते थे और दूसरी तरफ आपको कुछ इतना खूबसूरत मिलता है कि आप सोचते हैं कि अगर आपने यह मौका कभी न लिया होता तो आप क्या कुछ मिस कर देते।"

उन्होंने युवा कलाकारों की हौसला अफजाई करते हुए लिखा, "आप लोग जाओ और जितना हो सके, उतने दरवाजे खोलो, यादगार गाने बनाओ। मैं यहां एक कॉम्पिटिशन को जज करने आया था, लेकिन यहां से प्यार, हिम्मत, सपनों और खुद के बारे में बहुत कुछ सीख कर जा रहा हूं। पता नहीं अगले साल मैं उस बड़ी सी जज वाली कुर्सी पर रहूंगा या नहीं, लेकिन मैं जानता हूं कि आप में से हर एक की थोड़ी-थोड़ी यादें मैं अपने साथ लेकर जाऊंगा। आपका जज, भाई, बड़े भैया या आप जो भी कहना चाहें, बादशाह, साइनिंग ऑफ। लव यू गाइज। हमेशा।"

--आईएएनएस

एनएस/एएस