Aapka Rajasthan

रणजी ट्रॉफी: बल्ले के बाद गेंद से चमके निशांत, हरियाणा ने चंडीगढ़ को पारी और 24 रन से रौंदा

रोहतक, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। हरियाणा ने चंडीगढ़ के खिलाफ रणजी ट्रॉफी 2026-27 के एलीट ग्रुप-डी मुकाबले में पारी और 24 रन से जीत दर्ज की। हरियाणा ने यह मैच सिर्फ 2 दिनों में अपने नाम कर लिया। निशांत सिंधु मैच के हीरो रहे, जिन्होंने 92 रन की पारी खेलने के बाद 6 विकेट हासिल किए।
 

रोहतक, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। हरियाणा ने चंडीगढ़ के खिलाफ रणजी ट्रॉफी 2026-27 के एलीट ग्रुप-डी मुकाबले में पारी और 24 रन से जीत दर्ज की। हरियाणा ने यह मैच सिर्फ 2 दिनों में अपने नाम कर लिया। निशांत सिंधु मैच के हीरो रहे, जिन्होंने 92 रन की पारी खेलने के बाद 6 विकेट हासिल किए।

चौधरी बंसी लाल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में चंडीगढ़ टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी। यह टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 41.3 ओवरों का सामना कर सकी और 103 रन पर ढेर हो गई।

चंडीगढ़ ने अर्जुन आजाद (0) के रूप में पहला विकेट गंवाया। उस समय तक टीम के खाते में सिर्फ 1 ही रन जुड़ सका था। इसके बाद अर्सलान खान (17) ने कप्तान मनन वोहरा (10) के साथ दूसरे विकेट के लिए 22 रन की साझेदारी की, लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद विकेटों का पतझड़ लग गया।

इस पारी में अक्षित राणा ने सर्वाधिक 31 रन बनाए, जबकि विष्णु कश्यप ने 26 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से अमन कुमार, अजीत चहल और अनुज ठकराल ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि 1 विकेट कनिष्क चौहान के हाथ लगा।

इसके जवाब में हरियाणा ने पहली पारी में 245 रन बनाकर 142 रन की बढ़त हासिल कर ली। हरियाणा ने 37 रन तक अपने 4 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद यशवर्धन दलाल ने निशांत सिंधु के साथ पांचवें विकेट के लिए 175 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 200 के पार पहुंचा दिया।

निशांत 8 बाउंड्री के साथ 92 रन बनाकर आउट हुए, जबकि यशवर्धन ने 2 छक्कों और 8 चौकों के साथ 95 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से निशंक बिड़ला ने 63 रन के देकर 5 विकेट हासिल किए। जगजीत सिंह को 2 विकेट हाथ लगे।

दबाव चंडीगढ़ पर था। यह टीम दूसरी पारी में सिर्फ 118 रन पर ढेर हो गई। इस पारी में कप्तान मनन वोहरा ने सर्वाधिक 47 रन बनाए, जबकि भागमेंदर लाठर ने 29 रन का योगदान दिया। इनके अलावा, अर्सलान खान ने 20 रन टीम के खाते में जोड़े। विपक्षी खेमे से निशांत सिंधु ने 13 ओवरों में सिर्फ 27 रन देकर 6 विकेट हासिल किए, जबकि कनिष्क चौहान ने 3 विकेट निकाले।

--आईएएनएस

आरएसजी