रणजी ट्रॉफी: 6 छक्के और 17 चौके, केरल के खिलाफ उर्विल पटेल ने जड़ा 'नाबाद दोहरा शतक'
अहमदाबाद, 3 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात के उर्विल पटेल ने मंगलवार को रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप-सी मुकाबले में केरल के खिलाफ 'नाबाद दोहरा शतक' लगाया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जारी इस मुकाबले में उर्विल ने 227 गेंदों में 6 छक्के और 17 चौके जड़े। यह उनके फर्स्ट क्लास करियर का पहला दोहरा शतक रहा।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात की टीम ने अपनी पहली पारी 534/9 के स्कोर पर घोषित की। अभिषेक देसाई ने आर्य देसाई के साथ पहले विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। अभिषेक 5 चौकों के साथ 42 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद आर्य देसाई ने मोर्चा संभाला। उन्होंने वेदांत त्रिवेदी (9) के साथ 22 रन, जबकि मनन हिंग्राजिया (33) के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 रन जुटाकर टीम को 180 के स्कोर तक पहुंचा दिया था, लेकिन इसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया और टीम ने 189 के स्कोर तक अपने 5 विकेट खो दिए। इस बीच आर्य देसाई 3 छक्कों और 6 चौकों के साथ 95 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
यहां से उर्विल पटेल ने मोर्चा संभाला। उन्होंने विशाल जायसवाल के साथ छठे विकेट के लिए 179 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 350 के पार पहुंचाया। विशाल 9 बाउंड्री के साथ 77 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद उर्विल ने अमित देसाई (36) के साथ 78 रन, जबकि सिद्धार्थ देसाई (18) के साथ 82 रन की साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। उर्विल 227 गेंदों में 6 छक्कों और 17 चौकों के साथ 210 रन बनाकर नाबाद रहे।
विपक्षी खेमे से नेदुमानकुझी बासिल ने 80 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि आदित्य सरवते ने 2 विकेट अपने नाम किए। इनके अलावा, एमडी निधीश, जलज सक्सेना और वैशाख चंद्रन को 1-1 विकेट हाथ लगा।
इसके जवाब में केरल ने दिन की समाप्ति तक 23 ओवरों का सामना करते हुए 3 विकेट खोकर 74 रन बनाए। इस टीम को महज 16 के स्कोर पर रोहन कुन्नुम्मल (11) के रूप में पहला झटका लगा, जिसके बाद टीम ने 21 रन पर अभिषेक नायर का विकेट भी खो दिया।
यहां से सचिन बेबी ने वरुण नयनार के साथ तीसरे विकेट के लिए 27 रन जुटाए। वरुण 4 चौकों के साथ 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद दूसरे दिन के खेल तक सचिन (नाबाद 14) ने कप्तान विष्णु विनोद (नाबाद 21) के साथ चौथे विकेट के लिए 26 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की। फिलहाल अरजन नागवासवाला 2 विकेट अपने नाम कर चुके हैं, जबकि चिंतन गाजा ने 1 विकेट चटकाया है। मुकाबले के तीसरे दिन गुजरात केरल को उसकी पहली पारी में जल्द समेटकर फॉलोऑन खेलने पर मजबूर करना चाहेगा।
--आईएएनएस
आरएसजी
