रांची स्मार्ट सिटी परिसर में पेड़ से लटका मिला ई-रिक्शा चालक का शव, जांच में जुटी पुलिस
रांची, 7 जुलाई (आईएएनएस)। रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित स्मार्ट सिटी परिसर में मंगलवार को एक व्यक्ति का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। घटनास्थल के पास एक ई-रिक्शा भी खड़ी मिली है, जिसके बाद पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान धुर्वा के सेक्टर-3 स्थित थेथरकोचा निवासी सूरज नायक के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने देर रात स्मार्ट सिटी क्षेत्र से गुजरने के दौरान पेड़ से शव लटका देखा और इसकी सूचना धुर्वा थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर कब्जे में ले लिया। घटनास्थल से मृतक का ई-रिक्शा भी बरामद हुआ है। पुलिस का कहना है कि शव के पास ई-रिक्शा मिलने से मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है। पुलिस मृतक के पारिवारिक, सामाजिक और आर्थिक पहलुओं के साथ-साथ उसके हालिया गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। साथ ही ई-रिक्शा के पंजीकरण और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
--आईएएनएस
एसएनसी/एसके
